BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

आईआईएमटी बनेगा राष्ट्रीय विमर्श का मंच, ‘छात्र संसद – इंडियाज़ बॉर्डरलेस भारत कॉन्क्लेव’ में जुटेंगी नामचीन हस्तियां

   Vision Live / ग्रेटर नोएडा
नॉलेज पार्क-3 स्थित आईआईएमटी कॉलेज समूह शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर के मेगा आयोजन ‘छात्र संसद – इंडियाज़ बॉर्डरलेस भारत कॉन्क्लेव’ की मेजबानी करेगा। इस भव्य कॉन्क्लेव में देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियां शिरकत करेंगी, जिससे परिसर राष्ट्रीय विमर्श और विचार-संवाद का केंद्र बन जाएगा।
कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर (पॉलिटिक्स) एवं एडिटर-इन-चीफ टाइम्स नाउ नवभारत नविका कुमार, जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन नवीन जिंदल, अर्जेंटीना गणराज्य के भारत में राजदूत एच.ई. मारियानो ए. काउचिनो तथा भारत के 37वें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के.जी. बालाकृष्णन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। इन विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय आयाम भी प्रदान करेगी।
कॉन्क्लेव का केंद्रीय विषय “बॉर्डरलेस भारत” है, जिसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय विकास, प्रभावी नेतृत्व, वैश्विक दृष्टिकोण और समावेशी प्रगति की अवधारणा से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समसामयिक राष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श, प्रेरक संबोधन, संवाद सत्र और प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को नीति-निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक कूटनीति की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।
आईआईएमटी कॉलेज समूह के प्रवक्ता राजतिलक शर्मा ने बताया कि “छात्र संसद” का उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रखकर उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
शिक्षा जगत और समाज के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जहां विचारों का आदान-प्रदान होगा और नई पीढ़ी को राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आईआईएमटी का यह प्रयास ग्रेटर नोएडा को राष्ट्रीय संवाद के एक सशक्त मंच के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकता है।