BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को मिला नया आयाम

जनपद स्तरीय विज्ञान क्विज़ व मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
Vision Live / ग्रेटर नोएडा | 5 फरवरी 2026
उच्च प्राथमिक विद्यालय इटैड़ा के प्रांगण में आज राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (RAA) के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान क्विज़ एवं मॉडल निर्माण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के निर्देशन में किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं जिज्ञासा को विकसित करना है। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से चयनित मेधावी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट राज सिंह यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख एवं दादरी चंद्रभूषण प्रसाद सहित अनेक शैक्षिक अधिकारी व विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
मॉडल प्रदर्शनी के निर्णायक मंडल में डायट प्रवक्ता रीना भारतीय, मायावती बालिका इंटर कॉलेज बादलपुर से विज्ञान प्रवक्ता डॉ. ज्योति शुक्ला, जीजीआईसी होशियारपुर से विज्ञान प्रवक्ता साधना सिंह तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण राकेश कुमार शामिल रहे। इसके अतिरिक्त एआरपी, एसआरजी, गाइड शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान और टीम वर्क को प्रोत्साहित करती हैं, जो उन्हें भविष्य की वैज्ञानिक चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने विद्यार्थियों के नवाचारी मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता ही विकसित भारत की आधारशिला है और विद्यार्थियों को इसे निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।
प्रतियोगिता में छात्रों द्वारा सेफ्टी लिफ्ट, स्मार्ट ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रोबो रेंजर क्लीन सिटी मल्टी-पर्पज बोट, मानव हृदय की कार्यप्रणाली, सोलर पावर ड्रिप इरिगेशन सिस्टम, स्मार्ट सिटी सहित विकसित भारत की चार प्रमुख थीम पर आधारित आकर्षक व उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए गए। चयन समिति ने छात्रों की वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और प्रस्तुति कौशल का गहन मूल्यांकन किया।
मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम स्थान: प्रशांत – कंपोजिट विद्यालय बहलोलपुर
द्वितीय स्थान: हानिया – कंपोजिट विद्यालय डाढ़ा
तृतीय स्थान: रिहान – कंपोजिट विद्यालय तिर्थली
चतुर्थ स्थान: अमरजीत – कंपोजिट विद्यालय लुहारली
पंचम स्थान: पल्लवी – कंपोजिट विद्यालय गिझौड़
विजेताओं को टैबलेट, ट्रॉफी, साइंस किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनपद स्तरीय विज्ञान क्विज़ प्रतियोगिता के विजेता
प्रशांत – कंपोजिट विद्यालय बहलोलपुर
प्रभा – उच्च प्राथमिक विद्यालय गिरधरपुर
बादल – कंपोजिट विद्यालय बहलोलपुर
अजीम – कंपोजिट विद्यालय जमशेदपुरा
रिद्धि – उच्च प्राथमिक विद्यालय तुगलपुर
सभी विजेता छात्रों को साइंस किट, प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा मुख्य अतिथि द्वारा फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक प्रशिक्षण राकेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।