BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

शारदा विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय एनुअल फेस्ट ‘कोरस’ का भव्य शुभारंभ


Vision Live  / ग्रेटर नोएडा
नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘कोरस’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस एनुअल फेस्ट में देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की करीब 60 टीमों ने हिस्सा लिया है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक, रचनात्मक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
फेस्ट के अंतर्गत डीजे नाइट, म्यूजिकल नाइट और बॉलीवुड सिंगर्स की लाइव परफॉर्मेंस आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस वर्ष कोरस का मुख्य आकर्षण ‘ग्लोबल विलेज’ है, जहां भूटान, म्यांमार, नेपाल, बिहार, केरल, कश्मीर, अफ्रीकी देशों सहित 28 देशों के छात्रों ने अपने-अपने देशों के पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संबंधित देशों के राजनयिक भी शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल डिवीजन के डायरेक्टर अशोक दरियानी तथा छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ. प्रमोद कुमार की देखरेख में किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के डायरेक्टर पीआर डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय इस महोत्सव में 20 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें बहस, फैशन शो, मोनोलॉग, स्टैंड-अप कॉमेडी, रैप वॉर और ओपन माइक शो शामिल हैं। फेस्ट में 70 से अधिक देशों के गणमान्य अतिथि, संकाय सदस्य और प्रतिभागी मौजूद रहेंगे।
गुरुवार शाम को सिंगर अदिति शर्मा और डीजे नाइट रावाटोर की शानदार प्रस्तुति होगी। इसके बाद शुक्रवार को सेलिब्रिटी नाइट में सलीम-सु‍लेमान, जबकि शनिवार को पंजाबी नाइट में बॉलीवुड सिंगर सुनंदा शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगी।
यह तीन दिवसीय फेस्ट विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी संवाद और यादगार अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।