BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

नोएडा प्राधिकरण की गांव गढ़ी शहदरा में चौपाल, ग्रामीणों ने सौंपा समस्याओं का ज्ञापन


Vision Live  / नोएडा
नोएडा प्राधिकरण द्वारा गांव गढ़ी शहदरा में जनसमस्याओं के समाधान हेतु एक विशेष चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
चौपाल में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार, जल विभाग के जेई अशोक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी राकेश भाटी, बिजली विभाग से जेई राय प्रताप तथा सिविल विभाग से महेंद्र नायल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपकर गांव की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया।
पूर्व प्रधान वीर सिंह भाटी ने बताया कि गांव के कई रास्ते जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि गांव में आज तक समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। कई स्थानों पर पानी की पाइप लाइन टूटी पड़ी है और सप्लाई सुचारू रूप से चालू नहीं है।
ग्राम विकास समिति गढ़ी शहदरा के अध्यक्ष सुभाष भाटी ने गांव में बारातघर निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण विवाह समारोहों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, गांव में पुस्तकालय (लाइब्रेरी) निर्माण, स्ट्रीट लाइटें लगाने, पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने तथा सीवर की मुख्य लाइन को जल्द से जल्द जोड़ने की मांग की। उन्होंने बताया कि अब तक सीवर की मेन लाइन नहीं जोड़ी गई है, जिससे जलभराव और गंदगी की समस्या बनी रहती है।
कपिल भाटी ने गांव में नियमित और प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सीवर की समय-समय पर सफाई कराने तथा टूटे हुए सीवर ढक्कनों को बदलने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में कई बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें तत्काल बदला जाना आवश्यक है।
अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर वीर सिंह प्रधान, गिरीराज शर्मा, अजब सिंह भाटी, गुली भाटी, महिपाल भाटी, देवू भाटी, प्रेमराज जाटव, जगरेश भाटी, मोहित भाटी, नवीन शर्मा, मेहरू शर्मा, वीरेंद्र भाटी, लीलू जाटव, मीर सिंह सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण द्वारा की गई चौपाल से गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा।