BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा केंद्रीय बजट : चौधरी प्रियंका अत्री



मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर 
राष्ट्रीय लोक दल की पूर्व उत्तर प्रदेश प्रवक्ता चौधरी प्रियंका अत्री एडवोकेट ने संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, बल्कि आने वाले दशकों के लिए भारत की मजबूत नींव रखने वाला दस्तावेज है।
उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की आकांक्षाओं, युवाओं के सपनों, किसानों की उम्मीदों और महिलाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर तैयार किया गया यह बजट भारत को विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
चौधरी प्रियंका अत्री ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं के लिए शिक्षा, स्वरोजगार, स्टार्टअप, स्वयं सहायता समूहों और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाएं सामाजिक बदलाव को गति देंगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।
उन्होंने कृषि क्षेत्र पर बात करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण, भंडारण व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधान स्वागतयोग्य हैं। यह बजट गांव, गरीब और किसान को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चौधरी प्रियंका अत्री ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य अवसंरचना, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और डिजिटल हेल्थ पर जोर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज सुलभ होगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि इसमें रोजगार सृजन, युवा सशक्तिकरण, स्टार्टअप इकोसिस्टम, शिक्षा, कौशल विकास और डिजिटल भारत की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और भारत वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।
चौधरी प्रियंका अत्री एडवोकेट ने इस विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन सरकार का यह बजट जनहित, किसान हित और राष्ट्रहित में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने केंद्र सरकार को इस संतुलित और भविष्यपरक बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन देते हुए विश्वास जताया कि यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।