BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

साइट-4, ग्रेटर नोएडा में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन


Vision Live / ग्रेटर नोएडा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को साइट-4, ग्रेटर नोएडा में भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राम अवतार ने की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ रजनी पब्लिक स्कूल की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात वर्टेक्स स्कूल के प्रबंधक नितेश के वैदिक मंत्रोच्चारण एवं शंखध्वनि के बीच मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
वर्टेक्स स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवी-देवताओं की वेशभूषा में बच्चों की मनोहारी झांकियों और प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास ने नई पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के प्रति गर्व की भावना का संचार किया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समिति के मुख्य व्यवस्था प्रमुख एवं कोषाध्यक्ष प्रशांत ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य वक्ता दिनेश कांडपाल ने संघ की 100 वर्षों की सतत यात्रा, उसके उद्देश्यों और सामाजिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को रेखांकित करते हुए समाज को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि स्वामी कैलाश गिरी क्रांति महाराज ने समाज को संगठित और संस्कारित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के संस्कारों और चरित्र निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों की अहम भूमिका है। विशिष्ट अतिथि डॉ. कपिल त्यागी (चेयरमैन, यथार्थ हॉस्पिटल) ने अपने संबोधन में इतिहास का उल्लेख करते हुए समाज की एकता को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक विखंडन के कारण देश ने अतीत में विदेशी शासन का सामना किया, इसलिए आज आवश्यक है कि समाज एकजुट होकर आगे बढ़े।
मुख्य वक्ता डॉ. शिवेष ने संघ के पांच प्रमुख परिवर्तनों पर प्रकाश डालते हुए संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों और सामाजिक समरसता के प्रयासों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन अतुल आनंद सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। समापन अवसर पर मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी विद्यार्थियों को समिति की ओर से मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. कपिल त्यागी ने लगभग 60-70 बच्चों को ₹1000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ऐसे सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
हिन्दू सम्मेलन समिति, महाराणा प्रताप बस्ती के अथक प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वीरेंद्र डाढ़ा, जेपी सिंह, जयवीर, कुलदीप, मंगल सिंह, टेकचंद, रामेश्वर, जयप्रकाश सैनी, नीरज, गोरखनाथ, प्रदीप, शुभम अग्रवाल, रवि शर्मा, संदीप, मोनू, मनोज अग्रवाल, प्रशांत, रमेश, विशाल, दिवाकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति का संदेश देते हुए क्षेत्र में एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया।