BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

बसंत पंचमी एवं गीता जयंती पर 251 प्रबोधिनी भगवद्गीता पुस्तकों का वितरण

  Vision Live / दादरी/ग्रेटर नोएडा 
बसंत पंचमी एवं गीता जयंती के पावन अवसर पर आज श्री बालाजी मानव सेवा समिति द्वारा सन राइज एकेडमी स्कूल, दादरी में विद्यार्थियों के बीच प्रबोधिनी श्रीमद्भगवद्गीता की 251 प्रतियां भेंट की गईं। यह वितरण कार्यक्रम विद्यार्थियों की मांग पर उनके ज्ञानवर्धन एवं सनातन जीवन दर्शन से परिचय कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के संस्थापक प्रबंधक सतेन्द्र राघव ने पदाधिकारियों के साथ सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को गीता के महत्व पर प्रकाश डाला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संस्था भारतीय संस्कृति, संस्कार और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि भगवद्गीता भारतीय जीवन शैली में सेवा, संस्कार और कर्तव्य का मूल आधार है। गीता का ज्ञान प्रकृति एवं सृष्टि के संतुलन का संदेश देता है और इसके अध्ययन के बिना भारतीय संस्कृति अधूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से गीता का नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया।
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि गीता का अध्ययन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके द्वारा दिए गए जीवनोपयोगी संदेशों को समझने का सशक्त माध्यम है। गीता हमें ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से जोड़ती है और जीवन में सकारात्मकता व आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि गीता पाठ एवं पूजा-अर्चना से मन को शांति और स्थिरता प्राप्त होती है।
विद्यालय के प्रिंसिपल नवीन रावल ने संस्था के सभी पदाधिकारियों का विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया।
इस अवसर पर समिति की ओर से अरुण गर्ग, आशीष बंसल, महेंद्र कुमार वर्मा, जय प्रकाश सिंह, संस्कार पाठशाला संयोजिका बीना अरोड़ा, रीना गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने गीता अध्ययन के प्रति उत्साह व्यक्त किया तथा संस्था के प्रति आभार प्रकट किया।