BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

मनरेगा बचाओ संग्राम: ऐतिहासिक वेदपुरा गांव में ग्राम चौपाल, भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार

🟥  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा जनपद में चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जागरूकता अभियान के क्रम में आज दादरी विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक वेदपुरा गांव में एक विशाल ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों, मनरेगा श्रमिकों, किसानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को मनरेगा के संवैधानिक अधिकार, उसके मूल स्वरूप तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराया गया।
ग्राम चौपाल के संयोजक जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप नागर रहे, जबकि अध्यक्षता वयोवृद्ध कांग्रेसी हाकम सिंह ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष-महिलाएं, मजदूर, किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने काम न मिलने, मजदूरी भुगतान में देरी, ऑनलाइन उपस्थिति जैसी जटिल प्रक्रियाओं तथा अधिकारियों की मनमानी को लेकर रोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति विकास की नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकार छीनने की राजनीति है। नोटबंदी, जीएसटी, कृषि कानूनों और अब मनरेगा को कमजोर करने की साजिश से मजदूर, किसान और छोटे व्यापारी तबाह हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर काम मांगता है तो काम नहीं मिलता और काम करता है तो मजदूरी महीनों तक नहीं मिलती—यह प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है।
दीपक भाटी ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया गया, बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ और 100 दिन के रोजगार की गारंटी लागू नहीं हुई, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव-गांव जाकर इस संघर्ष को जनआंदोलन बनाया जाए।
कार्यक्रम संयोजक संदीप नागर ने कहा कि मनरेगा गरीब की अंतिम उम्मीद है, जिसे सरकार योजनाबद्ध तरीके से निष्क्रिय बना रही है। कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी और संगठित संघर्ष खड़ा करेगी।
कार्यक्रम में हाकिम सिंह, रवी प्रधान, अरुण गुर्जर, महावीर बाबा, मुकेश शर्मा, रणजीत, निशा शर्मा, सतीश प्रधान, सूबेदार सतपाल सिंह, बीनू भाटी, कपिल खारी, नवीन नेता जी, ओमवीर नागर, महाराज सिंह नागर, राहुल मावी, अरविंद रेक्सवाल, गौरव यादव, रमेश बाल्मीकि, सचिन जीनवाल, विपिन त्यागी, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मणिकर्णिका घाट ध्वस्तीकरण के विरोध में राष्ट्रपति को ज्ञापन, कांग्रेस का तीखा विरोध
गौतमबुद्ध नगर। वाराणसी स्थित ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा की गई तोड़-फोड़ एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट सूरजपुर पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विकास के नाम पर देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को नष्ट कर रही है। मणिकर्णिका घाट पर की गई तोड़-फोड़ से न केवल ऐतिहासिक स्वरूप को नुकसान पहुंचा है, बल्कि देवी अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित मंदिरों एवं आस्था स्थलों को भी भारी क्षति हुई है।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की असंवेदनशीलता और सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि ध्वस्तीकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, घाट के मूल स्वरूप को बहाल किया जाए तथा क्षतिग्रस्त धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण सुनिश्चित हो।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कदम नहीं उठाए, तो पार्टी जनभावनाओं के सम्मान में आंदोलन को और तेज करेगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में नीरज लोहिया, निशा शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, महाराज सिंह नागर, अरुण गुर्जर, धर्मेंद्र भाटी, रूबी चौहान, अरविंद रेक्सवाल, सचिन जीनवाल, अमित कुमार, प्रिंस भाटी, प्रभात सिंह नागर, अंकित भाटी, मोहित भाटी, धीरा सिंह, वेद गुर्जर, राम अनुज तिवारी, मनोज चौधरी, सागर शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।