BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

डेल्टा वन से संदेश: शिकायत पर मौके पर पहुंचे एसीईओ, भरोसे की बहाली बना मॉडल


    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
अक्सर सरकारी तंत्र पर शिकायतों को गंभीरता से न लेने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन सेक्टर डेल्टा वन में दूषित जलापूर्ति की शिकायत पर प्राधिकरण का त्वरित और प्रत्यक्ष एक्शन एक नए प्रशासनिक मॉडल की ओर इशारा करता है। इस मामले में केवल फाइलों पर कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि एसीईओ सुनील कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे, जल विभाग की टीम के साथ हालात परखे और सीधे नागरिकों से संवाद किया।
फील्ड में उतरा प्रशासन
डेल्टा वन में पानी की गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायतों के बाद एसीईओ का मौके पर पहुंचना यह दर्शाता है कि प्राधिकरण अब “डेस्क से निर्णय” की बजाय ग्राउंड रियलिटी पर आधारित फैसलों को प्राथमिकता दे रहा है। स्थानीय निवासियों और शिकायतकर्ताओं से बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अब क्षेत्र में साफ पानी की सप्लाई हो रही है।
समस्या नहीं, समाधान पर फोकस
जांच के दौरान जिन दो स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज और कनेक्शन की तकनीकी खामी मिली, उन्हें उसी दिन दुरुस्त कर दिया गया। इसके साथ ही, शिकायतकर्ताओं के घरों से पानी के सैंपल लेकर लैब भेजे गए, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि समाधान स्थायी और वैज्ञानिक है, न कि अस्थायी।
आरडब्ल्यूए की संतुष्टि, सिस्टम पर भरोसा
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने भी जलापूर्ति को लेकर संतोष जताया। यह संकेत है कि जब प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच सीधा संवाद होता है, तो अविश्वास की खाई कम होती है और समाधान तेजी से निकलता है।
पूरे ग्रेटर नोएडा के लिए अलर्ट
इस मामले को केवल डेल्टा वन तक सीमित न रखते हुए, सीईओ एनजी रवि कुमार ने पूरे ग्रेटर नोएडा में पानी की रैंडम जांच के निर्देश दे दिए हैं।
जहां प्राधिकरण सप्लाई करता है, वहां जांच की जिम्मेदारी प्राधिकरण की होगी।
बिल्डर सोसायटियों और आवासीय समितियों में यह जिम्मेदारी प्रबंधन समिति (बिल्डर/एओए) की होगी।
औद्योगिक, व्यावसायिक, आईटी और संस्थागत क्षेत्रों में भी अनिवार्य जांच कराई जाएगी।
सीधा संदेश नागरिकों के लिए
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि दूषित जलापूर्ति की शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा। नागरिक वरिष्ठ प्रबंधक जल (9205691408) और प्रबंधक जल (8937024017) से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
"विजन लाइव" का विश्लेषण
डेल्टा वन का मामला सिर्फ एक जलापूर्ति शिकायत नहीं, बल्कि यह दिखाता है कि जब प्रशासनिक नेतृत्व सक्रिय हो, तकनीकी टीम जवाबदेह हो और नागरिक सजग हों, तो बुनियादी समस्याएं भी भरोसे के साथ सुलझाई जा सकती हैं। यह मॉडल यदि इसी तरह लागू रहा, तो ग्रेटर नोएडा में जल गुणवत्ता को लेकर उठने वाले सवालों पर काफी हद तक विराम लग सकता है।