BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

बार अध्यक्ष मनोज भाटी बोडाकी ने इस्तीफे की खबरों को बताया साजिश, कहा– “आरोप सिद्ध हुए तो स्वयं दूंगा इस्तीफा”

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 
गौतमबुद्धनगर जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट मनोज भाटी बोडाकी ने अपने खिलाफ चल रही कथित इस्तीफे की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह असत्य, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके इस्तीफे का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता और इस तरह की खबरें विपक्षी लोगों द्वारा रची गई साजिश का हिस्सा हैं।
एडवोकेट मनोज भाटी बोडाकी ने जारी बयान में कहा कि उनके खिलाफ साजिश के तहत एक मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसकी विवेचना अभी चल रही है। ऐसे में उन्हें दोषी ठहराना या इस्तीफे जैसी खबरें चलाना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि केवल एफआईआर दर्ज हो जाने मात्र से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश में अनेक संवैधानिक पदों पर ऐसे लोग आसीन हैं, जिनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन जब तक न्यायालय से दोष सिद्ध नहीं होता, तब तक इस्तीफे का प्रश्न ही नहीं उठता। जनपद का हवाला देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में बार एसोसिएशन के एक अध्यक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ था, तो क्या उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था।
मनोज भाटी बोडाकी ने दो टूक कहा कि यदि भविष्य में न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ आरोप सिद्ध होते हैं, तो वह स्वयं नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए तुरंत इस्तीफा देंगे और संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करेंगे। लेकिन वर्तमान में इस्तीफे की खबरें पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत हैं।
उन्होंने कहा कि बार चुनाव में जनपद भर से उन्हें एकतरफा समर्थन और जीत मिली है, जिसे कुछ लोग अभी तक पचा नहीं पा रहे हैं। इसी बौखलाहट में उनके खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले को लेकर वह पहले ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
अंत में उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की कि बिना तथ्य जांचे भ्रामक खबरें न चलाएं और लोकतांत्रिक एवं न्यायिक मूल्यों का सम्मान करें।