BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

धर्म, उल्लास और भक्ति से गूंज उठा बिरौडा — भागवत कथा में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के ग्राम बिरौडा, सेक्टर पाई-1 स्थित बाबा मोहन राम मंदिर प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस का दृश्य मानो स्वयं द्वापर युग को सजीव कर रहा था। जैसे ही व्यास पीठ से कथावाचिका संगीता शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया, पूरा पंडाल भक्ति, आनंद और उल्लास से झूम उठा।
कथावाचिका ने अपने ओजस्वी वाणी प्रवाह में बताया कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक अवतार नहीं, बल्कि अत्याचार के अंत और धर्म की पुनर्स्थापना का संकल्प था। कंस जैसे निरंकुश शासक के विनाश और अधर्म पर धर्म की विजय का यह प्रसंग सुनते ही श्रोताओं की आंखों में श्रद्धा और हृदय में आस्था उमड़ पड़ी।
जैसे ही “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के स्वर गूंजे, पंडाल में बैठे महिला-पुरुषों ने मंगल गीत गाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लासपूर्ण स्वागत किया। ढोलक, ताली और जयकारों के बीच पूरा वातावरण वृंदावन सा अलौकिक हो उठा।
इस पावन अवसर पर ग्राम के वरिष्ठ एवं सम्मानित जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। चैनपाल प्रधान, राकेश नंबरदार, प्रशांत, नरेंद्र मावी, ओमवीर प्रधान, रवि भाटी, कंवर सिंह भाटी, धर्मवीर नंबरदार, गोपी नंबरदार, अशोक भाटी, प्रमोद मुखिया, जितेंद्र भाटी, महावीर, रतिराम और संतराम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करने पहुंचे।
पंचम दिवस की यह कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश देती दिखाई दी। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ ही बिरौडा की धरती पर भक्ति, प्रेम और एकता की अद्भुत छटा बिखर गई।