BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गोवर्धन लीला में डूबा बिरौडा, भक्ति और उल्लास से गूंजा बाबा मोहन राम मंदिर प्रांगण

   
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा के ग्राम बिरौडा, सेक्टर पाई-1 स्थित बाबा मोहन राम मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिवस का आयोजन आज भक्तिरस, उल्लास और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। व्यास पीठ से कथावाचक संगीता शास्त्री ने गोवर्धन पूजा का दिव्य प्रसंग सुनाते हुए भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा में बताया गया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को तोड़ने और ब्रजवासियों को भारी वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाया। यह प्रसंग भगवान की असीम शक्ति, भक्तों के प्रति संरक्षण और करुणा का प्रतीक है। कथा सुनते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर भव्य गोवर्धन झांकी सजाई गई, जिसमें ब्रज संस्कृति, हरियाली, गोपालन और पर्वतीय स्वरूप का सुंदर चित्रण किया गया। भजन-कीर्तन और पूजा के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में नंद गिरी महाराज, चैनपाल प्रधान, राकेश नंबरदार, दीपांशु भाटी, प्रशांत, नरेंद्र मावी, ओमवीर प्रधान, रवि भाटी, कंवर सिंह भाटी, धर्मवीर नंबरदार, गोपी नंबरदार, प्रमोद मुखिया, जितेंद्र भाटी, महावीर भाटी, रतिराम चेची, संतराम धामा और दीवान माली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
श्रीमद्भागवत कथा का यह छठा दिवस भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का उत्सव बन गया, जिसमें ग्रामवासियों ने एकजुट होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।