BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

नववर्ष मिलन समारोह से उठा राजनीतिक संदेश, जेवर विधानसभा से वीरपाल नागर ‘वीरू’ को टिकट देने की मांग तेज


— मौहम्मद इल्यास “दनकौरी” / गौतमबुद्धनगर
दनकौर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित नववर्ष–2026 मिलन समारोह केवल एक सामाजिक-पार्टी कार्यक्रम भर नहीं रहा, बल्कि यह कार्यक्रम जेवर विधानसभा की राजनीति में नए संकेत देने वाला मंच बनकर उभरा।
कार्यक्रम के दौरान जहां एक ओर समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया, वहीं दूसरी ओर दनकौर समाजवादी पार्टी नगर अध्यक्ष वीरपाल नागर उर्फ ‘वीरू’ को जेवर विधानसभा से टिकट दिलाए जाने की जोरदार मांग ने सियासी हलचल बढ़ा दी।
समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस बार जेवर विधानसभा से स्थानीय, संघर्षशील और संगठन को मजबूत करने वाले चेहरे को मौका देना चाहिए। कार्यकर्ताओं का मानना है कि वीरपाल नागर उर्फ वीरू लंबे समय से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है।
इस मांग को ओमवीर प्रधान (बागपुर) समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वीरपाल नागर हमेशा किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं और संगठनात्मक अनुभव के साथ-साथ जनसंपर्क में भी उनकी पकड़ मजबूत है।
यदि जेवर विधानसभा की राजनीति पर नजर डालें तो पहले से ही सुनील भाटी (देवटा), नरेंद्र नागर (महमदपुर) जैसे नाम टिकट की दौड़ में बताए जाते रहे हैं, लेकिन अब इस सूची में दनकौर नगर अध्यक्ष वीरपाल नागर उर्फ वीरू का नाम जुड़ना यह दर्शाता है कि पार्टी के भीतर नए सिरे से समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो नववर्ष मिलन समारोह के मंच से उठी यह मांग आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के अंदरखाने की रणनीति और जमीनी फीडबैक की ओर इशारा करती है। अब देखना यह होगा कि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मांग को किस रूप में लेता है।
स्पष्ट है कि दनकौर का यह कार्यक्रम अब केवल नववर्ष मिलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जेवर विधानसभा की टिकट राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।