BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्वच्छ जल अभियान जारी, तीसरे दिन 18 से अधिक सेक्टरों में रैंडम जांच

   Vision Live / ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा पानी की गुणवत्ता जांच अभियान तीसरे दिन भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। एहतियातन शुरू किए गए इस अभियान के तहत रविवार को 18 से अधिक सेक्टरों, गांवों और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आवासीय सोसायटियों में 80 से अधिक स्थानों से पानी के सैंपल लेकर रैंडम जांच की गई।
जांच टीमों ने डेल्टा-1, 2 व 3, ईटा-1 व 2, पाई-1, सेक्टर-33, स्वर्णनगरी, थीटा-1, म्यू-1, 2 व 3, सिग्मा, जैतपुर, साकीपुर के 6 प्रतिशत प्लॉट क्षेत्र सहित कई अन्य इलाकों में जलापूर्ति की गुणवत्ता परखी। टीमों के पास टीडीएस मीटर, पीएच और क्लोरीन जांच किट जैसे अत्याधुनिक उपकरण मौजूद रहे, जिनसे मौके पर ही पानी की जांच की गई। जांच के दौरान सप्लाई का पानी सभी मानकों के अनुरूप पाया गया।
प्राधिकरण की टीमें केवल तकनीकी जांच तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया। स्थानीय निवासियों ने इस रैंडम जांच अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।
इस पूरे अभियान की निगरानी प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और एसीईओ सुमित यादव स्वयं कर रहे हैं। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शहरभर में पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह चार दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक एके सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल के अनुसार कुल 8 टीमें गठित की गई हैं, जो जलापूर्ति लाइनों में लीकेज, सीवर चोकिंग या ओवरफ्लो तथा ड्रेन-सीवर-पानी कनेक्शन प्वाइंट्स की गहन जांच कर रही हैं।
रविवार को अभियान का तीसरा दिन रहा, जबकि सोमवार 12 जनवरी को रैंडम जांच अभियान का अंतिम दिन होगा। इसके अतिरिक्त, प्राधिकरण ने श्रीराम इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल रिसर्च लैब की दो स्वतंत्र टीमों को भी जांच कार्य में लगाया है, जिससे पानी की गुणवत्ता को लेकर पूरी पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
एसीईओ का बयान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित जलापूर्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चार दिवसीय अभियान के बाद भी जल गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।
दूषित पानी की सूचना यहां दें
यदि किसी क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत मिलती है तो नागरिक तत्काल प्राधिकरण के जल विभाग को सूचित कर सकते हैं। इसके लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल के मोबाइल नंबर 9205691408 और प्रबंधक जल के नंबर 8937024017 जारी किए गए हैं। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगी।