BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति बनाम बिल्डर–प्राधिकरण: खेड़ा चौगानपुर में महापंचायत, 17 जनवरी को विधायक घेराव का ऐलान

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"
विशेष न्यूज़ स्टोरी | ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के खेड़ा चौगानपुर गांव में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बाबा प्रीतम सिंह की स्मृति स्थल को बचाने के लिए भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया।
यह महापंचायत प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर के खिलाफ एकजुट जनआक्रोश का प्रतीक बनकर उभरी।
महापंचायत की अध्यक्षता धर्मवीर भाटी ने की, जबकि संचालन अक्षय मुखिया (जिलाध्यक्ष) द्वारा किया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 17 जनवरी को दादरी विधायक का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
“बिल्डर–प्राधिकरण की तानाशाही चरम पर”
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में बिल्डर और प्राधिकरण की मनमानी अब बर्दाश्त के बाहर है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
“यह जमीन नहीं, सम्मान की लड़ाई है”
संस्था के संस्थापक सुरेंद्र प्रधान ने कहा कि जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक संबंधित बिल्डर को कोई भी निर्माण कार्य नहीं करने दिया जाएगा।
वहीं राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने इसे बुजुर्गों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की लड़ाई बताया और कहा कि धरने को और मजबूत किया जाएगा।
समाजवादी युवजन सभा का उद्बोधन
महापंचायत में समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी ने भी जोरदार उद्बोधन दिया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों पर बुलडोज़र चलाना देश के इतिहास और बलिदान का अपमान है।
अक्षय चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि प्राधिकरण और सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की, तो समाजवादी युवजन सभा युवाओं के साथ मिलकर इस आंदोलन को प्रदेशव्यापी संघर्ष में बदल देगी।
बीजेपी समर्थक वंशज का दर्द
स्वतंत्रता सेनानी के वंशज प्रदीप भाटी ने भावुक होते हुए कहा कि वे लंबे समय से बीजेपी के समर्थक और पदाधिकारी रहे हैं, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की कार्यप्रणाली से दुखी होकर उनके परिवार और गांव को धरने का निर्णय लेना पड़ा।
सर्वदलीय समर्थन
महापंचायत में किसान संघर्ष समिति के संयोजक मनवीर भाटी, राष्ट्रीय सरल पार्टी की महासचिव मेनका शर्मा, अजय भाटी, शशी यादव (जिलाध्यक्ष), हैप्पी पंडित, दीपक नागर, अशोक गुर्जर (मध्यप्रदेश) सहित कई सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
इस दौरान सुरज प्रधान, चरण सिंह प्रधान, रोहतास नागर, एडवोकेट दिनेश भाटी, डॉ. यामीन, विक्रांत भाटी, सुनील भाटी, चिंकू यादव, कृष्ण भड़ाना, अन्नू सरपंच, अमित प्रधान, आशीष चौहान, रिंकू यादव, प्रिंस भाटी, गजेंद्र बसौया, वीर सिंह, धर्म सिंह, सागर यादव, दानिश, अब्दुल कादिर, डॉ. मोहसिन, अजब सिंह भाटी, सोनू लोहिया, राजीव भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
स्पष्ट संदेश
महापंचायत से यह साफ संदेश गया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो यह आंदोलन खेड़ा चौगानपुर तक सीमित न रहकर ग्रेटर नोएडा से प्रदेश स्तर तक फैलाया जाएगा।