BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गौतमबुद्धनगर पुलिस का सराहनीय प्रयास: FDRC के माध्यम से 95% पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान


    क्राइम रिपोर्टर / गौतमबुद्धनगर
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी महिला सुरक्षा के नेतृत्व में संचालित Family Dispute Resolution Centre (FDRC) पारिवारिक विवादों के समाधान में एक प्रभावी और मानवीय मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है। काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से न केवल विवादों का समाधान किया जा रहा है, बल्कि सैकड़ों परिवारों को टूटने से भी बचाया गया है।

कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित FDRC सेक्टर-108 नोएडा, FDRC नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा तथा FDRC चेरी काउंटी में वर्ष 2025 में अब तक कुल 533 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 411 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 122 प्रकरणों में मध्यस्थता की प्रक्रिया जारी है।
निस्तारित 411 मामलों में से मात्र 24 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई, जबकि 387 प्रकरण आपसी सहमति से सुलझाए गए। इस प्रकार केवल 5 प्रतिशत मामलों में पुलिस कार्यवाही की आवश्यकता पड़ी, जबकि 95 प्रतिशत मामलों में परिवारों को टूटने से बचाया गया, जो FDRC की उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।

FDRC का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाधान कर समाज में स्थिरता और शांति बनाए रखना है। यहां एक्सपर्ट प्रोफेशनल काउंसलर्स, महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं पुलिस टीम द्वारा दोनों पक्षों को निष्पक्ष वातावरण में सुनते हुए परामर्श, मार्गदर्शन और मध्यस्थता प्रदान की जाती है। घरेलू हिंसा, दहेज, मानसिक तनाव और वैवाहिक मतभेद जैसे संवेदनशील मामलों में यह केंद्र प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

हाल में निस्तारित प्रमुख प्रकरण

केस–1 (FDRC सेक्टर-108, नोएडा):
एक दंपति के बीच घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक खर्च को लेकर उत्पन्न विवाद में चार चरणों में काउंसलिंग कराई गई। लंबे समय से अलग रह रहे पति-पत्नी ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। बच्चों की भी काउंसलिंग कर एक टूटते परिवार को फिर से जोड़ा गया।

केस–2 (FDRC चेरी काउंटी):
एक नवविवाहित दंपति के बीच समायोजन और अपेक्षाओं के टकराव से उपजा तनाव, छह संरचित काउंसलिंग सत्रों के बाद समाप्त हुआ। गर्भवती पत्नी को देखते हुए भावनात्मक सहयोग और स्थिरता पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप दंपति ने वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने का संयुक्त निर्णय लिया।

केस–3 (FDRC नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा):
वैचारिक मतभेदों के कारण उत्पन्न विवाद में तीन परामर्श सत्रों के माध्यम से दंपति के बीच संवाद स्थापित कराया गया। निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में बातचीत के बाद दोनों ने साथ रहने पर सहमति जताई।

इन मामलों से स्पष्ट है कि समय पर किया गया संवेदनशील, निष्पक्ष और पेशेवर हस्तक्षेप दांपत्य जीवन में शांति और संतुलन स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाता है।

पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर पुलिस महिला सुरक्षा, सामुदायिक सहयोग और अपराध निवारण को लेकर निरंतर बहुआयामी एवं प्रभावी कार्यवाही कर रही है, जिससे समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो रही है।