BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

दनकौर में खेड़ा देवता बायपास रोड की मरम्मत शुरू, एक माह में सीसी सड़क व नालों का होगा निर्माण

 मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी" / गौतमबुद्धनगर 
कस्बे के खेड़ा देवता बायपास रोड को लेकर लंबे समय से चली आ रही जनता की मांग अब पूरी होती दिख रही है। यमुना प्राधिकरण के सहयोग से इस महत्वपूर्ण बायपास मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। नगर चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह उर्फ दीपक भैया ने बताया कि फिलहाल आवागमन सुचारु करने के लिए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, जबकि एक माह के भीतर पूरी बायपास सड़क पर एक तरफ सीसी नाला सहित सीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
यह बायपास सड़क दनकौर कस्बे के लिए बेहद अहम मानी जाती है। झाझर रोड से सिकंदराबाद की ओर जाने वाला भारी ट्रैफिक इसी मार्ग से गुजरता है, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन कस्बे के अंदर प्रवेश कर जाते थे, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि खेड़ा देवता बायपास रोड को झाझर रोड से लेकर डेरीन गुजरान तक पक्का बना दिया जाए तो कस्बे को जाम की बड़ी समस्या से राहत मिल सकती है।
नगर चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कई बार यमुना प्राधिकरण के सीईओ से मुलाकात कर बायपास रोड के पुनर्निर्माण की मांग रखी। लगातार प्रयासों के बाद अब इसका परिणाम सामने आया है और मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है।
दीपक सिंह ने बताया कि दनकौर कस्बे में नगर चेयरमैन श्रीमती राजवती देवी के नेतृत्व में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के दौरान गंज मंडी, सब्जी मंडी, पटपडा, थाना रोड, टीन का बाजार, रिलका चौक, सलारपुर बायपास, बिहारी लाल चौक सालारपुर रोड, बस स्टैंड किसान आदर्श इंटर कॉलेज रोड सहित अधिकांश क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जा चुका है। इन सभी में केवल खेड़ा देवता बायपास रोड ही खराब स्थिति में बचा था, जिस पर अब काम शुरू हो गया है।
स्थानीय नागरिकों में इस पहल को लेकर संतोष और खुशी देखी जा रही है। लोगों का मानना है कि सीसी सड़क और नालों के निर्माण के बाद न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि कस्बे को जाम से भी स्थायी राहत मिलेगी। यह परियोजना दनकौर की जनता के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखी जा रही है।