BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

नेशनल हेराल्ड केस: कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन


     मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी के विरुद्ध प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट पर माननीय न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने से इनकार किए जाने के बाद केंद्र की मोदी सरकार पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने के आरोप और भी प्रबल हो गए हैं। न्यायालय के इस निर्णय को लोकतंत्र की जीत बताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने भाजपा के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।

 सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तिलपता चौक से जिला भाजपा कार्यालय की ओर कूच करते हुए मैन दादरी रोड तक पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “लोकतंत्र बचाओ”, “ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो”, “फर्जी मामलों से विपक्ष को दबाया नहीं जा सकता”, “सत्यमेव जयते” जैसे नारे लगाए और केंद्र सरकार की कथित तानाशाही प्रवृत्ति पर तीखा प्रहार किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मैन दादरी रोड पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।

राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था मामला

प्रदर्शन में मौजूद कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला शुरू से ही राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी लगातार जनता की आवाज़ उठाते रहे हैं, इसी से घबराकर मोदी सरकार ने ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि सच्चाई कांग्रेस के साथ है और झूठ व षड्यंत्र की राजनीति करने वालों को करारा जवाब मिला है।

कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मोदी सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कमजोर कर विपक्ष को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसे हथकंडों से न तो डरेगी और न ही झुकेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस पार्टी देशभर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए और भी व्यापक आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कई पूर्ववर्ती नेताओं ने सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को मजबूत किया, लेकिन मौजूदा सरकार राजनीतिक वैमनस्यता में संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुँचा रही है।

बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में अजय चौधरी, मुकेश शर्मा, संदीप नागर, अशोक पंडित, राधा रानी, अजय पहलवान, नीरज लोहिया, गौतम अवाना, अरविन्द रेक्सवाल, कैलाश बंसल, मोहम्मद तकी, रमेश वाल्मीकि, हबीब, शिव चौटाला, नरेश शर्मा, अमित कुमार, सतीश शर्मा, पुनीत मावी, नितीश चौधरी, रमेश यादव, तनवीर अहमद, वसील अहमद, कपिल भाटी, रूबी चौहान, सचिन जीनवाल, विपिन त्यागी, दयानन्द नागर, गजन प्रधान, बिन्नू भाटी, डॉ. रतनपाल, मोहित भाटी, सचिन भाटी, रूपेश भाटी, उपेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, सतीश खारी, ओमवीर नागर, गोल्डी कसाना, कपिल खारी, पंकज तँवर, मोनू यादव, अभिनय शर्मा, सौरभ तंवर, प्रवीण तँवर, के.के. भाटी, अमित भाटी, भूपेंद्र भाटी, दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।