BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर किसान घाट पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम

  Vision Live  / दिल्ली
किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण के प्रखर समर्थक, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह जी की जयंती के अवसर पर दिल्ली स्थित किसान घाट पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री माननीय जयंत चौधरी जी के साथ पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडवोकेट प्रियंका अत्री (पूर्व प्रदेश प्रवक्ता) ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी ने मिलकर चौधरी चरण सिंह जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी आजीवन खेत–किसान–मजदूर के अधिकारों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और ग्राम स्वराज के पक्षधर रहे। उन्होंने देश की राजनीति में किसान, मजदूर और दलित समाज को मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
श्रद्धांजलि सभा में कहा गया कि चौधरी चरण सिंह जी ने किसानों को राजनीतिक सम्मान दिलाया, उनके हक़ के लिए संघर्ष किया और अपनी आवाज़ बुलंद करने का आत्मविश्वास दिया। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं।
भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर देशभर में नेताओं और नागरिकों ने उन्हें स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।