BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के चौकी प्रभारियों को दिया चौकसी का मंत्र


चौकी प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा, अपराध नियंत्रण व जनसुरक्षा पर सख्त निर्देश


  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर

 पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र द्वारा पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 स्थित सभागार में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी चौकी प्रभारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी तथा तीनों जोनों के समस्त एसीपी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने शरद ऋतु में अपराध की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी नियंत्रणात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी शिकायत की अनदेखी न करने और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूर्व में घटित दुर्घटनाओं के चिन्हित स्थलों का गहन अध्ययन कर आवश्यक सुधारात्मक एवं प्रभावी उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही सोसाइटी एवं आवासीय क्षेत्रों के बाहर होने वाली चोरी, छिनैती एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गश्त को और अधिक सुदृढ़ करने, नियमित एवं रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्रभावी ढंग से संचालित करने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए। आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया।

सभी सहायक पुलिस आयुक्तों को निर्देशित किया गया कि वे चौकी प्रभारियों का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक सुरक्षा, पुलिस–सामुदायिक सहयोग एवं जागरूकता कार्यक्रमों को सुदृढ़ करें। चौकीवार अपराधों की समीक्षा कर उनकी रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी रणनीतियाँ तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी चौकी प्रभारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूर्णतः सजग रहें तथा जनता की शिकायतों का समाधान समय पर, समानुपातिक एवं न्यायसंगत तरीके से करें। उन्होंने दोहराया कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।