BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

महामना और अटल का जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा : कलराज मिश्र


   Vision Live /  ग्रेटर नोएडा
भारत रत्न से सम्मानित मां भारती के दो अमर सपूत — महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी — ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया। यह विचार राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने दोनों महापुरुषों की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित संगोष्ठी में व्यक्त किए।
ग्रेटर नोएडा के अंसल गोल्फ लिंक-1 स्थित द ग्रैंड ओएसिस होटल में राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन के संयोजन में आयोजित “महामानव : युग प्रवर्तकों की पावन स्मृति” विषयक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलराज मिश्र ने कहा कि महामना मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी दोनों ही कवि-हृदय, विचारशील चिंतक, कलम के सिपाही और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे।
उन्होंने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने स्वतंत्रता आंदोलन में निर्णायक भूमिका निभाने के साथ-साथ काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर विश्व को एक महान शैक्षणिक केंद्र की सौगात दी। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी ने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया और देश को सशक्त राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का उपहार दिया।
कलराज मिश्र ने 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को स्मरण करते हुए उन्हें किसानों का सच्चा हितैषी और महान नेता बताया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती पर पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है और यह उनका सौभाग्य रहा कि उन्हें अटल जी के साथ कार्य करने तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित एवं आईसीपीआर के सदस्य सचिव आचार्य सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि महामना मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी आधुनिक और विकसित भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। वे समाज के हर वर्ग को साथ लेकर समान सहभागिता के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखते थे।
इस अवसर पर राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव सौरभ त्रिपाठी ने संगोष्ठी के उद्देश्य और विषय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का कुशल संचालन ऋचा बवेजा ने किया।
संगोष्ठी में श्रीमती मेदिनी त्रिपाठी, खुर्रम रिजवी, विवेक कुमार पाठक, अंकुर शर्मा, पंडित नवीन गौड़, धर्मेंद्र कटारिया, रणवीर सिंह, वेद प्रकाश उपाध्याय, अतुल तिवारी, राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।