BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

हिजाब खींचने की घटना पर समाजवादी महिला सभा का जोरदार विरोध प्रदर्शन

 Vision Live / ग्रेटर नोएडा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला अभ्यर्थी का हिजाब खींचने की कथित घटना के विरोध में मंगलवार को समाजवादी महिला सभा ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष डॉ. शशि यादव ने किया। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला के हिजाब को जबरन खींचना न केवल निंदनीय और अशोभनीय है, बल्कि यह महिला गरिमा और सम्मान के सीधे तौर पर खिलाफ है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किया गया यह कृत्य पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों और महिला सम्मान पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।
डॉ. शशि यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच पर महिला का हिजाब खींचकर देश की आधी आबादी का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले की निंदा करने के बजाय भाजपा और एनडीए के नेता महिलाओं के प्रति अपमानजनक बयानबाजी कर रहे हैं, जो उनकी दूषित मानसिकता को दर्शाता है।
समाजवादी महिला सभा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की और स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरसिंह यादव, कृशान्त भाटी, सुनील भाटी, शहनाज़ ख़ान, अनीता चौहान, विजेंद्री यादव, अक्षय चौधरी, नवीन भाटी, विनोद लोहिया, विक्रम टाइगर, रुखसार बेगम, संजीदा बेगम, शिमला सागर, दिलसना, मीना, विनीता पाल, सोनम यादव, प्रीती सिंह, विनीत यादव, गजेन्द्र यादव, अमित रौनी, सत्यप्रकाश नागर, हैप्पी पंडित, विपिन सैन, रामशंकर भास्कर, विपिन नागर, अंकित नागर, मनदीप भाटी, जावेद अंसारी, जयसिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।