BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

निठारी गाँव के पीर विवाद पर किसान एकता महासंघ की पहल



नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अरविंद कुमार सिंह से मिला ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल

      Vision Live / नोएडा

 निठारी गाँव में स्थित लगभग 150–200 वर्ष पुराने ऐतिहासिक पीर स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान हेतु सोमवार को किसान एकता महासंघ के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अरविंद कुमार सिंह तथा वर्क सर्कल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा बिना भौतिक सत्यापन एवं तथ्यात्मक जांच के ही पीर स्थल को ध्वस्तीकरण नोटिस भेजा गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

ग्रामवासियों ने यह भी अवगत कराया कि वर्ष 2011 में उच्चस्तरीय आदेशों के तहत सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से ऐसे विवादों का निस्तारण करने की व्यवस्था की गई थी और पीर स्थल को संबंधित भूखंड संख्या आवंटित होने की भी पुष्टि है। इसके अलावा, उस स्थल के समीप भंडारा स्थल भी चिन्हित था, जिसे आज कुछ सेक्टरवासियों द्वारा बैडमिंटन कोर्ट में बदल दिया गया है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पीर स्थल के रास्ते के गेट को बंद कर दिया गया है, जबकि माननीय सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी गेट सुबह 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक बंद नहीं किया जा सकता। यह स्थिति ग्रामीणों की आस्था और आवागमन—दोनों का उल्लंघन है।

लगभग एक घंटे चली विस्तृत वार्ता में किसान एकता महासंघ एवं ग्रामवासियों ने अधिकारियों को पूरे तथ्यों से अवगत कराया तथा एक लिखित पत्र भी सौंपा। पत्र में नोएडा क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों—देवस्थल, मंदिर, मस्जिद, चर्च आदि—का प्राधिकरण द्वारा सत्यापन कराने के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग रखी गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

किसान एकता महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो संगठन निठारी के लोगों के साथ खड़ा रहेगा और किसी भी बड़े आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।

प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित प्रमुख सदस्य:
राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राजेंद्र चौहान, ललित अवाना, सोविन्दर अवाना, तेज सिंह, अर्जुन प्रजापति, गजराज सहित निठारी गाँव के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।