BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

अटल स्मृति में दीपमालिका: दादरी में अटल विचारों से रोशन हुआ विधानसभा सम्मेलन


    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ दादरी (गौतमबुद्धनगर)
भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला गौतमबुद्धनगर द्वारा दादरी विधानसभा क्षेत्र में दीपमालिका कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन दादरी के रिठोरी गांव स्थित किसान मजदूर आदर्श इंटर कॉलेज में हुआ, जहाँ अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
सम्मेलन में अटल जी के विचार, जीवन चरित्र और राष्ट्र के लिए उनके अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को अटल विचारधारा से जोड़ना और राष्ट्रवाद, सुशासन व अंत्योदय के उनके सपनों को जीवंत बनाए रखना रहा।
गौरवशाली मंच, प्रेरणादायी विचार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री व लोकप्रिय सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवओम शर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मंच संचालन दिनेश भाटी एवं विदेश भाटी ने किया।
“अटल का जीवन राष्ट्र को समर्पित था” – अनिल अग्रवाल
मुख्य अतिथि अनिल अग्रवाल ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन भारत माता को समर्पित रहा। पोखरण परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रतिबंधों और वैश्विक दबाव के बावजूद अटल जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया।
उन्होंने 13 दिन की सरकार गिरने का प्रसंग याद करते हुए कहा—
“अटल जी का आत्मविश्वास आज साकार हुआ है, भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।”
अटल: राजनेता ही नहीं, युगदृष्टा थे” – डॉ. महेश शर्मा
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि अटल जी महान राजनेता, संवेदनशील कवि, आध्यात्मिक व्यक्तित्व और करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने 1980 में भाजपा की स्थापना से लेकर अंत्योदय, एकात्म मानववाद और मानवतावाद की विचारधारा को आगे बढ़ाने की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भाजपा सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है—यही अटल जी के सपनों की सच्ची परिणति है।
विकास और सुशासन का प्रतीक – तेजपाल नागर
दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास के स्पष्ट विजन के साथ आगे बढ़ाया। उनका जीवन हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणास्रोत है।
युवाओं को जोड़ने का संकल्प – अभिषेक शर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अटल जी के जन्म (25 दिसंबर 1924, ग्वालियर) से लेकर उनके राजनीतिक जीवन तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा पूरे देश में अटल जन्मशताब्दी स्मृति कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि युवा और बच्चे उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें।
सरलता और राष्ट्रचिंतन की मिसाल – शिवओम शर्मा
पूर्व जिला अध्यक्ष शिवओम शर्मा ने कहा कि अटल जी का जीवन सरलता, सहजता और राष्ट्रीय एकता को समर्पित रहा, जो आज भी मार्गदर्शन करता है।
भारी जनसमर्थन और कार्यकर्ता सहभागिता
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज गर्ग, धर्मेन्द्र कोरी, सतेंद्र नागर, वीरेंद्र भाटी, कर्मवीर आर्य, सत्यपाल शर्मा, अरुण प्रधान, मनोज मावी, आनंद भाटी, ओमकार भाटी, रामकुमार नागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह सिद्ध किया कि अटल विचार आज भी जन-जन में जीवित हैं।