BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

वैदिक कन्या इंटर कॉलेज तिलपता में छात्राओं को मिला नया उड़ान पथ


सबसे कम उम्र की महिला जेट कैप्टन निवेदिता भसीन और एयर होस्टेस गीता भाटी ने किया मेंटरिंग

    Vision Live / ग्रेटर नोएडा
तिलपता स्थित वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित प्रेरक सत्र ने छात्राओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। कार्यक्रम में देश की सबसे कम उम्र की महिला कमर्शियल एयरलाइन कैप्टन निवेदिता भसीन और एयर होस्टेस गीता भाटी ने विशेष रूप से शिरकत कर छात्राओं को उड्डयन क्षेत्र में करियर के व्यापक अवसरों से रूबरू कराया।

कैप्टन निवेदिता भसीन, जिन्होंने मात्र 26 वर्ष की उम्र में बोइंग 737 की कमान संभालकर दुनिया की सबसे युवा महिला जेट कैप्टन बनने का इतिहास रचा, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ‘‘आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ लड़कियां किसी भी ऊंचाई को छू सकती हैं।’’

उन्होंने बताया कि उन्होंने एयरबस 300 और बोइंग 737 जैसे विमानों की कप्तानी करते हुए 22,000 से अधिक उड़ान घंटे पूरे किए। वर्ष 1985 में दुनिया की पहली ऑल-वुमेन क्रू फ्लाइट की सह-पायलट बनने से लेकर 2011 में लीबिया संकट के दौरान भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने तक उनकी भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने एयर इंडिया की पहली महिला चीफ सेफ्टी ऑफिसर का दायित्व भी संभाला।

कार्यक्रम में कैप्टन विभा पाराशर (A350 पायलट), बॉबी चौधरी (ग्लाइडर पायलट), निधि मित्तल (ग्लाइडर पायलट एवं स्पीच फैसिलिटेटर) और एयर होस्टेस गीता भाटी भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का कॉलेज द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

वक्ताओं ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि
“लड़कियां सिर्फ आसमान ही नहीं, बल्कि उससे भी आगे उड़ान भरने की क्षमता रखती हैं। हार मानने का प्रश्न ही नहीं उठता—क्योंकि सपनों का कोई लिंग नहीं होता।”

इस अवसर पर भारतीय आदर्श वैदिक बालिका इंटर कॉलेज एवं भारतीय आदर्श इंटर कॉलेज के संस्थापक बलबीर सिंह आर्य, प्रबंध समिति अध्यक्ष रईस राम भाटी, उपप्रबंधक जसवीर सिंह आर्य, वरिष्ठ समाजसेवी सुखबीर सिंह आर्य, प्रधानाचार्या अमरेश चपराना तथा उपप्रधानाचार्या रजनी सक्सेना सहित सभी जिम्मेदार पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने छात्राओं में उड्डयन क्षेत्र को लेकर नए उत्साह, जागरूकता और करियर संकल्प को मजबूती दी।