BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भारतीय किसान यूनियन (भानु) की नोएडा प्राधिकरण से वार्ता, किसानों ने सौंपा ज्ञापन


 Vision Live / नोएडा

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रतिनिधिमंडल ने ओएसडी महेंद्र प्रसाद से मुलाकात कर किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत वार्ता की और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एनसीआर अध्यक्ष सुनील अवाना ने कहा कि नोएडा को बने 49 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं को आज भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। कई पीढ़ियाँ प्राधिकरण के चक्कर लगाते हुए गुजर गईं, समय-समय पर आंदोलन भी हुए, फिर भी समाधान नहीं निकल पाया।

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सुभाष भाटी (शहदरा) ने कहा कि प्राधिकरण ने मौके पर सर्वे किए बिना ही किसानों की आबादियों का अधिग्रहण कर लिया, जिसके चलते पीपी एक्ट के तहत हजारों मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।

प्रेम सिंह भाटी ने कहा कि किसानों की आबादियों को “जहां है, जैसी है” के आधार पर छोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि 1997 से पहले किसानों को 5 प्रतिशत के प्लॉट नहीं दिए जाते थे और नोएडा की आवासीय योजनाओं में आरक्षण मिलता था। आज भी सैकड़ों पात्र किसान इस लाभ से वंचित हैं। आवासीय एवं औद्योगिक प्लॉट योजनाओं में किसानों का आरक्षण जारी रखा जाए।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि 5 प्रतिशत के प्लॉट धारकों को अतिक्रमण बताकर वंचित किया जा रहा है। उन्होंने सभी किसानों को प्लॉट आवंटित करने, हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को नजीर मानते हुए 10 प्रतिशत के अतिरिक्त प्लॉट देने, 5 प्रतिशत के प्लॉटों में कमर्शियल उपयोग की अनुमति देने तथा गांवों का विकास शहर की तर्ज पर कराने की मांग रखी।

इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण, स्कूलों एवं निजी संस्थानों में स्थानीय बच्चों के लिए नौकरियों में कम से कम 25 प्रतिशत अनिवार्य कोटा तय करने, गांवों में पुराने और जाम हो चुके सीवर पाइपों को हटाकर नई बड़ी पाइपलाइन डालने की भी मांग की गई।

भानु गुट ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान की अपील की। वार्ता के बाद बताया गया कि ओएसडी महेंद्र प्रसाद ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मनोज चौधरी, प्रेम सिंह भाटी, राजकुमार नागर, महकार नागर, सुभाष भाटी, सुनील अवाना, राजवीर मुखिया, अनिल बेसोया, किट्टी प्रधान, चंद्रपाल, मोहित बेसोया, सोनू अवाना सहित अनेक किसान नेता उपस्थित रहे।