BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

“युवा इनोवेटर्स का महामंच: गलगोटिया में पाँच दिन चलेगी राष्ट्रीय चुनौतियों के समाधान की जंग”


  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ यीडा सिटी

देश के सबसे बड़े नवाचार महोत्सव स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2025 – हार्डवेयर ग्रैंड फिनाले की मेजबानी इस वर्ष गलगोटिया विश्वविद्यालय करने जा रहा है। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई यह पहल लाखों युवाओं को सरकारी तंत्र की वास्तविक चुनौतियों से जोड़कर “इनोवेटिव भारत” के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा रही है।

इस बार गलगोटिया विश्वविद्यालय को प्रमुख नोडल सेंटर बनाया गया है, जहाँ 8 से 12 दिसंबर तक देशभर के छात्र विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों की समस्याओं को हल करने के लिए लगातार पाँच दिन काम करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, गलगोटिया विश्वविद्यालय हमेशा से सस्टेनेबिलिटी, रिसर्च और इनोवेशन पर केंद्रित रहा है। विश्वविद्यालय के चांसलर श्री सुनील गलगोटिया ने कहा—
“जब युवा दिमाग सरकार की असल चुनौतियों पर काम करते हैं, तभी तकनीक समाज की मुख्य धारा में उतरती है। एसआईएच 2025 युवा भारत के लिए ऐतिहासिक अवसर है।”

हैकाथॉन के हार्डवेयर संस्करण में इस बार आयुष मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और सामाजिक कल्याण मंत्रालय की समस्याओं पर कार्य होगा। सामाजिक कल्याण मंत्रालय की दो और शिक्षा व आयुष मंत्रालय की एक-एक समस्या पर समाधान विकसित किए जाएंगे।

तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से टीमें पहुंचेंगी। कुल 120 प्रतिभागी, जिनमें 77 पुरुष, 43 महिला विद्यार्थी और 25 मेंटर्स शामिल होंगे, पाँच दिन तक इस बड़े आयोजन में अपना नवाचार योगदान देंगे।

यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए बल्कि तकनीक-आधारित नीति निर्माण और राष्ट्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।