BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ जिला संयोजक अनिल गोयल ने बताया “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में अहम पहल

यूपीसीडा फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ई.पी.आई.पी. साइट-5 कासना, ग्रेटर नोएडा स्थित यूपीसीडा की फ्लैटेड फैक्ट्री के प्रांगण में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उद्योग, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल गोयल की भूमिका विशेष रूप से सराही गई।
कौशल प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन अवसर पर अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” और “मेक इन इंडिया” विजन को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए ऐसे निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्योगों को सबसे बड़ी चुनौती कुशल श्रमिकों की उपलब्धता की होती है, जिसे यह केंद्र दूर करेगा।
अनिल गोयल ने स्पष्ट किया कि यह प्रशिक्षण केंद्र न केवल युवाओं को रोजगार योग्य बनाएगा, बल्कि स्थानीय लघु उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ भविष्य में ऐसे और प्रशिक्षण केंद्रों को स्थापित कराने के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
इस अवसर पर ई.पी.आई.पी. कल्याण संघ की शोभा सिंह, विनीत सूद, विनय जुनेजा, अरविंद कोहली, राजीव अरोड़ा, मनोज तथा यूपीसीडा के अधिकारी आर.एम. अनिल शर्मा, गेसू मौर्या और कैलाश भाटी ने संयुक्त रूप से केंद्र का उद्घाटन किया।
यूपीसीडा के आर.एम. अनिल शर्मा ने कहा कि इस पहल से उद्योगों की कुशल श्रमिकों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, वहीं स्थानीय युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष तलविंदर सिंह हैप्पी की प्रेरणा की भी सराहना की गई। साथ ही निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अनिल गोयल ने सभी उद्योगपतियों, संगठनों और प्रशासन से अपील की कि वे इस तरह की सामाजिक पहलों में आगे आकर सहयोग करें, ताकि ग्रेटर नोएडा को औद्योगिक कौशल विकास का मॉडल क्षेत्र बनाया जा सके।