BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

हरलाल इंस्टिट्यूट में त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड शिविर संपन्न


   Vision Live / ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क–1 स्थित हरलाल इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के शिक्षा विभाग द्वारा त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना रहा।

शिविर का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन  एच.एस. बंसल, सचिव  अनिल बंसल, सह-सचिव  अनमोल बंसल, समूह निदेशक डॉ. सुधीर कुमार, कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी एवं शिक्षा विभाग की प्राचार्य डॉ. मनोरमा द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक श्री एच.एस. बंसल ने स्काउट–गाइड आंदोलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य डॉ. मनोरमा ने स्काउट–गाइड की गतिविधियों, नियमों, समाज सेवा, अनुशासन, सेवा भाव, नेतृत्व कौशल एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। शिविर को रोचक बनाने के लिए टेंट निरीक्षण, टोली परिचय, पिरामिड निर्माण, प्राथमिक चिकित्सा, विभिन्न प्रकार की गांठें, विशेष तालियाँ, नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं खेलकूद जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

शिविर का संचालन हिंदुस्तान स्काउट–गाइड, उत्तर प्रदेश के प्रशिक्षक श्री मोहित, श्रीमती मोनिका एवं श्रीमती निधि द्वारा किया गया। अंतिम दिन विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों से तंबुओं का निर्माण एवं सजावट की, जिनका मुख्य अतिथियों ने निरीक्षण किया। तंबुओं में विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, खान–पान और लोक नृत्यों की झलक भी देखने को मिली।

समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से डॉ. रेखा, श्रीमती वंदना, श्रीमती आयशा, कु. विधि राणा, देवेंद्र शर्मा एवं इमरान खान की उपस्थिति रही। अंत में प्राचार्य डॉ. मनोरमा ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।