BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

हाइड्रोसील, हर्निया सहित अनेक जन्मजात विकारों की हजारों सफल एवं सुरक्षित सर्जरी: डॉ माथुर


National Pediatric Surgery Day – 29 December
Theme: Safe Surgery For Every Child
(विशेष साक्षात्कार)
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 
राष्ट्रीय बाल शल्य चिकित्सा दिवस के अवसर पर हम संवाद कर रहे हैं डॉ. मोहित कुमार माथुर से, जो बाल एवं सामान्य शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में एक वरिष्ठ, अनुभवी और प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं।
डॉ. मोहित कुमार माथुर वर्तमान में गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (GIMS), ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में प्रोफेसर, शल्य चिकित्सा विभाग के पद पर कार्यरत हैं।
डॉ. माथुर को नवजात शिशुओं एवं बच्चों में जन्मजात शल्य रोगों के निदान और उपचार का विस्तृत अनुभव है। उन्होंने हाइड्रोसील, हर्निया सहित अनेक जन्मजात विकारों की हजारों सफल एवं सुरक्षित सर्जरी की हैं।
वे चिकित्सा सेवा के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा, शोध और जन-जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और समाज में व्याप्त अवैज्ञानिक भ्रांतियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
राष्ट्रीय बाल शल्य चिकित्सा दिवस का उद्देश्य नवजात, शिशु और बच्चों के लिए विशेषीकृत एवं सुरक्षित शल्य चिकित्सा के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है। इसी क्रम में प्रस्तुत है डॉ. मोहित कुमार माथुर से किया गया यह विशेष जागरूकता साक्षात्कार।
जन्मजात हाइड्रोसील / हर्निया पर जन-जागरूकता साक्षात्कार
प्रश्न 1: जन्मजात हाइड्रोसील/हर्निया क्या है?
उत्तर: जन्मजात हाइड्रोसील शिशु लड़के के अंडकोश में होने वाली दर्द रहित सूजन है, जो तरल पदार्थ जमा होने से होती है। यह जन्म से मौजूद रहती है और माता-पिता इसे प्रायः डायपर बदलते समय या बच्चे के रोने पर महसूस करते हैं। यह रोग लड़कियों में भी हो सकता है, पर संभावना कम होती है।
यदि इसी मार्ग से आंत बाहर आ जाए तो इसे जन्मजात हर्निया कहा जाता है।
प्रश्न 2: यह समस्या कैसे होती है?
उत्तर: जन्म से पहले अंडकोष पेट से अंडकोश में एक मार्ग से उतरते हैं, जिसे प्रोसस वेजिनेलिस कहते हैं। सामान्यतः यह मार्ग जन्म से पहले बंद हो जाता है। यदि यह खुला रह जाए, तो तरल पदार्थ से हाइड्रोसील और आंत आने पर हर्निया बनता है।
प्रश्न 3: क्या यह दर्दनाक या खतरनाक है?
उत्तर: हाइड्रोसील आमतौर पर दर्द रहित और हानिरहित होती है।
हर्निया में कभी-कभी बच्चे को असुविधा हो सकती है, लेकिन यह बच्चे के भविष्य की प्रजनन क्षमता को प्रभावित नहीं करता।
प्रश्न 4: माता-पिता इसे कैसे पहचान सकते हैं?
उत्तर: अंडकोश के एक या दोनों ओर नरम, दर्द रहित सूजन दिखाई देती है, जो रोने या दिन में बढ़ सकती है और सोते समय कम हो जाती है।
प्रश्न 5: क्या तुरंत इलाज जरूरी है?
उत्तर: हाइड्रोसील: अधिकतर मामलों में 1–2 वर्ष की आयु तक अपने आप ठीक हो जाती है।
हर्निया: इसमें शीघ्र सर्जरी आवश्यक होती है, क्योंकि आंत फँसने का खतरा रहता है।
प्रश्न 6: कब तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
उत्तर: यदि सूजन बहुत बड़ी या सख्त हो, तेजी से बढ़ रही हो, दर्द या लालिमा हो, या बच्चे को उल्टी एवं पेट फूलने की शिकायत हो, तो तुरंत बाल रोग विशेषज्ञ या बाल शल्य चिकित्सक से संपर्क करें।
प्रश्न 7: क्या हाइड्रोसील में सर्जरी जरूरी होती है?
उत्तर: यदि हाइड्रोसील 2 वर्ष तक ठीक न हो या बहुत बड़ी हो, तो सर्जरी की सलाह दी जाती है। यह एक सुरक्षित डे-केयर प्रक्रिया है।
प्रश्न 8: क्या सर्जरी जोखिम भरी होती है?
उत्तर: नहीं। यह एक सरल और सुरक्षित प्रक्रिया है, जिसमें खुले प्रोसस वेजिनेलिस को बंद कर दिया जाता है। बच्चा जल्दी स्वस्थ हो जाता है।
प्रश्न 9: क्या सर्जरी के बाद यह दोबारा हो सकती है?
उत्तर: सही सर्जरी के बाद पुनरावृत्ति बहुत दुर्लभ होती है और बच्चा सामान्य जीवन जीता है।
प्रश्न 10: क्या इसे रोका जा सकता है?
उत्तर: यह जन्म से पहले होने वाली विकासात्मक स्थिति है, इसलिए इसे रोका नहीं जा सकता और कोई दवा भी नहीं है।
कान छिदवाना, सिक्के रखना, दागना या झाड़-फूँक जैसी धारणाएँ पूरी तरह गलत हैं। सही उपाय केवल समय पर चिकित्सकीय परामर्श है।
सार संदेश
जन्मजात हाइड्रोसील और हर्निया सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण समस्याएँ हैं।
समय पर पहचान और योग्य बाल शल्य चिकित्सक से परामर्श बच्चे के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी है।