BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निःशुल्क कैंसर व हेल्थ चेकअप कैंप में बुजुर्गों को मिला विशेषज्ञ परामर्श


  Vision Live  / ग्रेटर नोएडा
यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा द्वारा जगत फार्म उद्योग व्यापार मंडल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से शुक्रवार को जीएसएम मॉल में एक दिवसीय निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग एवं हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना और प्रारंभिक अवस्था में ही रोगों की पहचान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श प्रदान किया। जनरल फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ, कार्डियोलॉजिस्ट तथा ऑन्कोलॉजिस्ट ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान ब्लड प्रेशर (बीपी), रैंडम ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), ईसीजी, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी), पल्मनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) सहित कैंसर से जुड़ी प्रारंभिक स्क्रीनिंग जांचें की गईं। बड़ी संख्या में बुजुर्गों सहित स्थानीय नागरिकों ने शिविर का लाभ उठाया।

यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. अश्वनी कंसल ने कहा, “कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का उपचार तभी प्रभावी होता है जब उसकी पहचान समय पर हो जाए। इस शिविर के माध्यम से लोगों को कैंसर के लक्षणों, बचाव और नियमित जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। अक्सर लोग जांच कराने से हिचकिचाते हैं या लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में गंभीर परिणाम दे सकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि यथार्थ हॉस्पिटल का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक उन्नत चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रहे। हॉस्पिटल द्वारा भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रेटर नोएडा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।