BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

तत्वगाथा: पंचतत्वों की कथा’ को लेकर क्वीनज़ कार्मेल स्कूल में होगा "वार्षिक समारोह-2025 "


क्वीनज़ कार्मेल स्कूल में वार्षिक समारोह ‘तत्वगाथा: पंचतत्वों की कथा’ को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 

क्वीनज़ कार्मेल स्कूल में आगामी वार्षिक समारोह ‘तत्वगाथा: पंचतत्वों की कथा’ को लेकर आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल संध्या कुमारी ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि विद्यालय का वार्षिक समारोह 20 दिसंबर 2025 को अत्यंत भव्य एवं गरिमामय रूप में आयोजित किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल संध्या कुमारी ने बताया कि इस वर्ष का वार्षिक समारोह भारतीय दर्शन के पंचतत्व—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—पर आधारित होगा, जिसे ‘तत्वगाथा’ नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवन मूल्यों की समझ को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रिंसिपल ने आगे बताया कि समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, संगीत, नाटक, स्केटिंग एवं ताइक्वांडो जैसी विविध सांस्कृतिक और खेल प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। सभी प्रस्तुतियाँ पंचतत्वों की अवधारणा पर आधारित होंगी, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मक सोच को मंच मिलेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहभागिता को सशक्त बनाते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से यह जानकारी दी गई कि कार्यक्रम की तैयारियाँ जोरों पर हैं और 20 दिसंबर 2025 को यह वार्षिक समारोह विद्यालय के प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

अंत में प्रिंसिपल संध्या कुमारी ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को पूर्ण विश्वास है कि ‘तत्वगाथा: पंचतत्वों की कथा’ दर्शकों के लिए एक प्रेरणादायी, सांस्कृतिक और यादगार अनुभव सिद्ध होगी।