BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

वृंदावन के वात्सल्य ग्राम में शारदा हॉस्पिटल का विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 200 से अधिक लोगों को मिला लाभ

  Vision Live / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा हॉस्पिटल द्वारा वृंदावन के सुप्रसिद्ध वात्सल्य ग्राम में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह एक दिवसीय चिकित्सा शिविर परम पूजनीय दीदी मां साध्वी ऋतंभरा जी के अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित वात्सल्य महोत्सव के दौरान लगाया गया।
शारदा हॉस्पिटल के महाप्रबंधक गौरव पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 200 से अधिक लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में विशेष रूप से हड्डियों में कैल्शियम की जांच, रक्त में हीमोग्लोबिन की जांच, मधुमेह के लिए शुगर टेस्ट तथा नसों की कमजोरी से संबंधित न्यूरोपैथी जांच की गई।
दीदी मां साध्वी ऋतंभरा जी ने स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसके बाद शिविर में उपस्थित लोगों में डॉक्टरों से परामर्श और जांच को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस शिविर में शारदा हॉस्पिटल एवं शारदा केयर हेल्थ सिटी, ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. विजय कुमार ने मुख्य परामर्श दिया। डॉ. विजय कुमार एक अनुभवी जेरियाट्रिक रोग विशेषज्ञ (वरिष्ठ नागरिक रोग विशेषज्ञ) हैं, जिन्होंने शिविर में आए वरिष्ठ नागरिकों को विशेष परामर्श प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त डॉ. आकाश अवाना, डॉ. राकेश एवं डॉ. अनुपम शर्मा ने भी मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में लोगों में कैल्शियम एवं विटामिन-डी की कमी, साथ ही उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी समस्याएं पाई गईं।
शिविर के दौरान शारदा हॉस्पिटल की ओर से मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस सेवा कार्य में शारदा हॉस्पिटल की टीम से महेश चंद शर्मा, दीपक शर्मा, हिमांशु एवं अभय ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर न केवल स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा, बल्कि जरूरतमंदों के लिए राहत और सेवा का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ।