BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जेवर ब्लॉक कार्यकारिणी ने टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेघराज भाटी का स्वागत किया, महारैली की रणनीति तय



        Vision Live / जेवर

टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेघराज भाटी का आज जेवर ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक स्तर पर संगठन की आगामी रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में 21 नवंबर 2025 को रामलीला मैदान में प्रस्तावित टीईटी विरोधी महारैली को सफल बनाने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई। संगठन पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए अधिकतम शिक्षक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने की तथा संचालन जिला कोषाध्यक्ष मुनीश चौधरी द्वारा किया गया।

अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेघराज भाटी ने कहा कि 21 नवंबर की महारैली केवल विरोध नहीं, बल्कि शिक्षक सम्मान और अधिकारों की आवाज है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आग्रह किया कि इस कार्यक्रम को व्यक्तिगत दायित्व मानते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों।

जिला अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सशक्त संघर्ष करना है। जिला संरक्षक अशोक शर्मा ने शिक्षकों के सामने आने वाली भविष्य की चुनौतियों पर विचार रखते हुए एकजुटता पर जोर दिया।

जिला संरक्षक बुलंदशहर ईलम सिंह नागर ने कहा कि वर्तमान नीतियाँ शिक्षक हितों के प्रतिकूल हैं, इसलिए एक बड़े आंदोलन की आवश्यकता है। जिला संयुक्त महामंत्री नरेंद्र नागर ने महारैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

कार्यक्रम का सफल आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष जेवर हेमराज शर्मा और ब्लॉक मंत्री रैदास सिंह की टीम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष दीवान सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, संजय शर्मा, रविन्द्र सिंह, धर्म सिंह, कल्पना शर्मा, आशा शर्मा, हरसला चौधरी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

शिक्षक समुदाय ने इस कार्यक्रम को एकता, अधिकार जागरूकता और संघर्ष के संकल्प के रूप में माना।