BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में हेल्थ अवेयरनेस टॉक, 250 से अधिक बंदियों ने लिया सहभाग



Vision Live / गौतमबुद्धनगर

जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में आज सशक्त फाउंडेशन की ओर से बंदियों के स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण और रोग-निवारण संबंधी जागरूकता बढ़ाने हेतु हेल्थ अवेयरनेस टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैंसर, हृदय स्वास्थ्य, योग, ध्यान तथा जीवनशैली सुधार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं।

कार्यक्रम में अभिनेता राजीव खंडेलवाल, अभिनेत्री रितिका आनंद, सशक्त फाउंडेशन एवं विवेकानंद स्कूल की डायरेक्टर मेघा आहूजा, मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर के चेयरमैन डा. हरित चतुर्वेदी, एम्प इंडिया इंटरप्राइजेज के फाउंडर मिथुन प्रताप सिंह, तथा नेचर मोंक फाउंडेशन के फाउंडर शालिनी शर्मा और देवांश शर्मा ने प्रतिभाग किया।

डा. हरित चतुर्वेदी ने बंदियों को कैंसर, हृदय रोगों की रोकथाम व स्वस्थ दिनचर्या के महत्व पर जागरूक करते हुए उपचार में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने कारागार की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए बंदियों को सकारात्मक सोच, अपराध से दूरी और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों से हार न मानने का संदेश भी दिया।

अभिनेत्री रितिका आनंद ने योग एवं ध्यान को मानसिक शांति और तनाव प्रबंधन का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में अनुराग और शालिनी द्वारा मशरूम, स्ट्रॉबेरी एवं पपीता उत्पादन से जुड़े रोजगारपरक अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मशरूम रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कैंसर उपचार में सहायक तत्व प्रदान करता है।
नेचर मोंक फाउंडेशन और एम्प इंडिया इंटरप्राइजेज की ओर से शुरू किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम में अधीक्षक बृजेश कुमार, कारापाल संजय कुमार शाही, तथा अन्य उपकारापाल एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
अधीक्षक और कारापाल ने बताया कि बंदियों के सुधार, स्वास्थ्य और पुनर्वास के लिए ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि हर बंदी स्वस्थ और सकारात्मक सोच के साथ समाज में सम्मानपूर्वक लौट सके।

इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 250 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।