BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

सपा कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर किया विचार गोष्ठी का आयोजन


       Vision Live  / ग्रेटर नोएडा
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर शनिवार को सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने की। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक महान चिंतक, दूरदर्शी नेता और सच्चे लोकतंत्र के प्रहरी थे। उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और न्यायपूर्ण सामाजिक व्यवस्था की स्थापना के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

सुधीर भाटी ने कहा —

“जयप्रकाश नारायण विदेशी सत्ता से देशी सत्ता, देशी सत्ता से व्यवस्था और व्यवस्था से व्यक्ति में परिवर्तन के पक्षधर थे। उन्होंने ग्राम स्वराज्य का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किया। उनके विचार आज भी भारत की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों के समाधान के लिए प्रासंगिक हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में लोकनायक के विचारों को व्यवहार में लाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकनायक के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘संपूर्ण क्रांति’ का उनका संदेश आज भी युवाओं और जन आंदोलनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


कार्यक्रम में रहे अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य रूप से अकबर खान, कुलदीप भाटी, सुदेश भाटी, अनूप तिवारी, सत्यप्रकाश नागर, रामशंकर भास्कर, जय सिंह चंदेल, इंसाद ननका, प्रमोद तिवारी, गुलजार, नौशाद, मुमताज़, राजेश बैसला, सुखदेव, सूरज राजपूत सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में कहा कि समाजवादी पार्टी लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों पर चलकर समाज में समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।