BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गोपाष्टमी पर श्री बालाजी मानव सेवा समिति द्वारा गौ पूजन, गौशाला हेतु भूमि आवंटन की मांग उठी


          Vision Live / ग्रेटर नोएडा

गोपाष्टमी पर्व के पावन अवसर पर श्री बालाजी मानव सेवा समिति ने अस्थायी गौ सेवा स्थल, कृष्णा अपरा प्लाज़ा (अल्फा-2) के समीप विधिवत गौ पूजन किया। संस्था के संस्थापक सतेन्द्र राघव तथा समिति पदाधिकारियों ने वेद मंत्रोच्चार के साथ गौ माता को हरा चारा, चोकर, गुड़, मीठा, पुष्पमाला एवं वस्त्र अर्पित कर परंपरागत रीति से पूजा-अर्चना की। धार्मिक उत्साह और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण की इस अनूठी अभिव्यक्ति में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी भागीदारी निभाई।

सतेन्द्र राघव ने कहा कि समिति भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन दर्शन में गौ माता करुणा, पोषण और आध्यात्मिकता की प्रतीक हैं। गौ सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और सृष्टि संतुलन को बनाए रखने का मूल तत्व है। राघव ने कहा कि भारतीय संस्कृति गौ माता से ही पूर्ण होती है, अतः उनकी सेवा समय की आवश्यकता भी है और हमारी आध्यात्मिक जिम्मेदारी भी।

समिति के अध्यक्ष मनोज सिंघल ने कहा कि गौ माता में सभी देवताओं का वास माना गया है, इसलिए इनके दर्शन और सेवा से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश सरकार से शहर में स्थायी गौशाला के लिए भूमि आवंटित करने की मांग की। सिंघल ने कहा कि तेजी से शहरीकरण के बीच गौ संरक्षण और गौ सेवा हेतु व्यवस्थित संसाधन उपलब्ध कराना अत्यावश्यक है।

कार्यक्रम में समिति सदस्यों और क्षेत्रीय समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मुकेश यादव, अमरजीत सिंह, जय प्रकाश सिंह, आलोक सिंघल, दिव्यांश सिंघल, महेश नागर, रमेश शर्मा, पवन मित्तल, मुन्ना सिंह, संस्कार पाठशाला संयोजिका बीना अरोड़ा, मिली गुप्ता, रेनू सिंघल, राखी मित्तल, पुष्पा देवी सिंघल, पंकज कौर, आयुष सिंह, पुष्कर सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

गोपाष्टमी के इस पुण्य पर्व पर आयोजित गौ सेवा कार्यक्रम ने समाज में सांस्कृतिक जागरूकता, सेवा-भाव और भारतीय आध्यात्मिक विरासत को पुन: सुदृढ़ करने का सशक्त संदेश दिया।