BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

इंदिरा गांधीजी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेलजी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, एकता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का किया पुनः उच्चारण


         Vision Live / गौतमबुद्धनगर

 जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में देश की पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधीजी की पुण्यतिथि तथा भारत के प्रथम गृहमंत्री और लौह पुरुष स्वर्गीय सरदार वल्लभभाई पटेलजी की जयंती के उपलक्ष्य में एक श्रद्धांजलि एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के आरंभ में दोनों राष्ट्रीय पुरोधाओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके योगदान को स्मरण किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधीजी ने अदम्य साहस, दूरदृष्टि और अथक संघर्ष के माध्यम से भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने बैंक राष्ट्रीयकरण, रियासतों के प्रीवी पर्स समाप्ति, और राष्ट्र सुरक्षा के निर्णायक निर्णयों से भारत की आर्थिक व राजनीतिक संप्रभुता को मजबूत किया। पाकिस्तान विभाजन में उनकी रणनीतिक क्षमता और युद्ध नेतृत्व विश्व में भारतीय नेतृत्व क्षमता का परिचायक रहा। राष्ट्र की एकता हेतु सर्वोच्च बलिदान देने वाली इंदिरा गांधीजी सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने असाधारण संगठन क्षमता और दृढ़ निश्चय द्वारा सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की आधारशिला रखी। यदि पटेलजी का नेतृत्व न होता, तो भारत आज इस संगठित स्वरूप में दिखाई न देता। कांग्रेस पार्टी इन दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की सेवा के संकल्प को बार-बार दोहराती है।

दीपक भाटी "चोटीवाला" ने युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे नफरत की राजनीति से दूर रहकर एकता, समरसता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा हेतु सक्रिय भूमिका निभाएँ तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की प्रतिष्ठा को अक्षुण्ण रखने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुकेश शर्मा, नीरज लोहिया, दुष्यंत नागर, महाराज सिंह नागर, राजू राव, मोहम्मद तकी, शिव चौटाला, डॉ. रघुराज शर्मा, मास्टर हबीब, रमेश वाल्मीकि, अरुण भाटी, अरविंद रेक्सवाल, दयानंद नागर, कपिल भाटी, अक्षय कोरी, नितीश चौधरी, विपिन त्यागी, अभिषेक कुमार, नागेंद्र, रोहन सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।