BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

दादरी में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि


Vision Live/ Greater Noida 

भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर के कार्यकर्ताओं ने 31 अक्टूबर 2025 को लौह पुरुष और देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला गौतमबुद्ध नगर द्वारा दादरी विधानसभा क्षेत्र के गांव आकिलपुर जागीर स्थित चौधरी वेदराम नागर मेमोरियल स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा और कार्यक्रम प्रमुख एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राज नागर शामिल हुए।

एकता दौड़ के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की स्पर्धाओं का सफल आयोजन किया गया। प्रथम तीन प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि बसंत त्यागी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह दौड़ राष्ट्र की एकता, अखंडता और समरसता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए अद्वितीय योगदान दिया, जिसे भारत सदैव याद रखेगा।

विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश की 565 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि पटेल जी का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के कार्यों और उनकी दूरदर्शिता को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में ओबीसी प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र नागर, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर, मंडल अध्यक्ष धीर राणा, अर्पित तिवारी, महेंद्र नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, ईश्वर भाटी, प्रशांत नागर, विचित्र तोमर, तरुण नागर, सतीश बीडीसी, शक्ति रावल, बृजेश ठाकुर, नरेंद्र प्रधान, अशोक बीडीसी, टीटू राणा सहित अनेक कार्यकर्ता व युवा उपस्थित रहे।

रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, युवा सहभागिता और सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश सफलतापूर्वक प्रसारित हुआ।