BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

सेक्टर P-3 में सीएमओ गौतमबुद्धनगर एवं फेडरेशन ऑफ RWAs के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता/हेल्थ कैंप का सफल आयोजन


Vision Live/ Greater Noida 

 सेक्टर P-3, ग्रेटर नोएडा के मार्केट के पास स्थित पार्क में मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) गौतमबुद्धनगर एवं फेडरेशन ऑफ RWAs ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वास्थ्य जागरूकता एवं हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया।

कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बरसाती मौसम में तेजी से फैलने वाली बीमारियों जैसे — डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टाइफाइड और हैजा — की रोकथाम, लक्षणों की पहचान, प्राथमिक उपचार तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।

डॉक्टरों ने बताया कि स्वच्छ जल का उपयोग, समय-समय पर टैंकों व कूलरों की सफाई, घर व आसपास की स्वच्छता बनाए रखना तथा लार्वा नाशक दवाओं का छिड़काव इन बीमारियों की रोकथाम के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में सीएमओ गौतमबुद्धनगर की टीम तथा फेडरेशन ऑफ RWAs के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों ने सेक्टरवासियों को संदेश दिया कि स्वास्थ्य सुरक्षा सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, सामुदायिक सफाई अभियान चलाने और मच्छर नियंत्रण उपायों को अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर सेक्टरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम में विशेष रूप से फेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, आरडब्ल्यूए  अध्यक्ष अमित भाटी, महासचिव हरेन्द्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष मीरा सिंह, प्रतिभा चौधरी, रमेश गुप्ता, अश्विनी यादव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल, सचिव मधुर गोयल, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट आदित्य भाटी एवं राकेश राज नागर, डॉ. मीनू मित्तल, उमा गुप्ता, सुरेश जादोन, जी.डी. देव, आर.एस. रावत, अशोक भाटी सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सेक्टरवासियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन समिति ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता और स्वास्थ्य संरक्षण संबंधी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।