Vision Live / Greater Noida
ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित चौधरी बशीर अली चेची आवास एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शौकत अली चेची के कैंप कार्यालय पर मंगलवार को किसान एकता संघ की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जोरा भाटी ने की जबकि संचालन प्रदेश महासचिव सतीश कनारसी ने किया।
बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के पदाधिकारियों ने भारी संख्या में किसान एकता संघ की सदस्यता ग्रहण की।
पंजाब बाढ़ पीड़ित किसानों पर चिंता
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी शौकत अली चेची ने अपने संबोधन में कहा कि “पंजाब कृषि क्षेत्र की जननी है, लेकिन आज बाढ़ से वहां किसानों की जान-माल की भारी क्षति हो रही है। फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, मवेशी बह गए, मकान और कृषि यंत्र नष्ट हो रहे हैं। सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और हजारों मवेशी पाकिस्तान की ओर बहकर चले गए हैं।”
उन्होंने कहा कि हिमाचल, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में बाढ़ से किसानों को गहरा नुकसान झेलना पड़ रहा है। सरकारों से अपील की गई कि इस गंभीर स्थिति पर तुरंत ध्यान दिया जाए और विपक्षी दलों, किसान संगठनों व समाजसेवी संस्थाओं से भी पीड़ितों की मदद करने का आग्रह किया।
ग्रामीण समस्याओं और बड़े आंदोलन का ऐलान
राष्ट्रीय सचिव श्रीकृष्ण बैंसला ने कहा कि “प्राधिकरण क्षेत्र के गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सीवर और बिजली व्यवस्था बदहाल है। ग्राम पंचायतों को खत्म कर गांववासियों का अपमान किया गया है।”
प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने कहा कि “64.7% अतिरिक्त मुआवजा, बैक लीज, युवाओं को रोजगार और आबादी की समस्या को लेकर जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”
नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नागर ने कहा कि संगठन में साहसी लोगों का साथ मिल रहा है और सभी साथी सोरन प्रधान के नेतृत्व में अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देंगे।
पैदल यात्रा की घोषणा
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि बहुत जल्द जेवर से सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक किसान एकता संघ पैदल यात्रा निकालेगा। उन्होंने कहा कि “दिसंबर 2024 की अधूरी लड़ाई को हम पूरा करेंगे। मजदूर और किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। चाहे गोली खानी पड़े या जेल जाना पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे।”
संगठन का विस्तार
बैठक के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। सर्वसम्मति से भूपेंद्र नागर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मालती देवी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सहित दर्जनों पदाधिकारियों को प्रदेश, जिला और तहसील इकाई में शामिल किया गया।
प्रमुख उपस्थितियां
इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे—
चौ. सोरन प्रधान, श्रीकृष्ण बैसला, संजय प्रधान, शौकत अली चेची, जोरा भाटी, पं. प्रमोद शर्मा, दुर्गेश शर्मा, अखिलेश प्रधान, हेमराज बीडीसी, सतवीर भाटी, जगदीश शर्मा, जे.पी. नागर, सतीश कनारसी, अरुण खटाना, सचिन नागर, मनीष नागर, जीतन नागर, अनिल नागर, सुमित भाटी, सहदेव चोटीवाला, प्रिंस चंदेलिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता।