BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गौतमबुद्ध नगर की दिवंगत शिक्षिका श्वेता माहेश्वरी के परिवार को मिली 50 लाख की आर्थिक मदद


   Vision Live / गौतमबुद्धनगर
टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश की है। जिले की दिवंगत शिक्षिका श्वेता माहेश्वरी के नॉमिनी को टीम के सदस्यों ने 49 लाख 75 हजार रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की है।

यह सहयोग राशि महज़ ₹15.50 रुपये प्रति सदस्य के योगदान से जुटाई गई। विशेष बात यह रही कि सभी सदस्यों ने सीधे ऑनलाइन माध्यम से यह राशि स्व. शिक्षिका के नॉमिनी के बैंक खाते में ट्रांसफर की।

प्रदेशभर में 9 करोड़ से अधिक की मदद

टीएससीटी के मेरठ मंडल संयोजक जितेंद्र नागर ने बताया कि स्व. श्वेता माहेश्वरी, जो कंपोजिट विद्यालय पल्ला, विकासखंड दादरी में कार्यरत थीं, हाल ही में निमोनिया के कारण असमय दिवंगत हो गईं। वे टीएससीटी की सक्रिय सदस्य भी थीं।

उन्होंने बताया कि सिर्फ इस माह ही, दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को सदस्यों ने महज़ 11 दिनों में करीब 50 लाख रुपये की मदद पहुंचाई है।

जिला संयोजक शिवम गंगवार ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेशभर के 30,20,652 से अधिक शिक्षक एवं सहयोगी सदस्य, जिनमें बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, डीआईईटी, लिपिक, शिक्षामित्र, अनुदेशक आदि शामिल हैं, अपनी छोटी-छोटी अंशदान राशि से 9 करोड़ रुपये से अधिक का सहयोग भेज चुके हैं।

400 से अधिक दिवंगत शिक्षकों के परिवार तक मदद

जिला प्रवक्ता श्रीमती विभा द्विवेदी ने बताया कि अब तक टीम ने उत्तर प्रदेश के करीब 400 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों तक यह सहयोग पहुँचाया है।

जिला सह संयोजक मनीष पांडे ने कहा कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम हर माह 15 से 25 तारीख के बीच सहयोग का आह्वान करती है। सदस्य ऑनलाइन माध्यम से सीधे दिवंगत शिक्षकों के नॉमिनी को आर्थिक सहायता पहुंचाकर यह अनूठा अभियान चला रहे हैं।