📍 Vision Live / Greater Noida

 जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने 19 अगस्त 2025 को दिल्ली स्थित विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर कुतुब मीनार का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन धरोहरों और स्थापत्य कला से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुतुब मीनार, अलई दरवाज़ा, कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद और अशोक स्तंभ जैसी ऐतिहासिक इमारतों को देखा। उनकी कलात्मक नक्काशी, स्थापत्य शैली और ऐतिहासिक महत्व ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया।

शिक्षकों ने बच्चों को कुतुब मीनार के निर्माण, उसकी ऊँचाई, स्थापत्य कला तथा उससे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने इन अमूल्य धरोहरों को प्रत्यक्ष देखकर इतिहास का वह अनुभव प्राप्त किया, जो केवल पुस्तकों से समझना कठिन होता है।

इस भ्रमण से न केवल बच्चों में इतिहास और संस्कृति की समझ विकसित हुई, बल्कि उनके मन में भारत की धरोहरों के प्रति गौरव और संरक्षण की भावना भी जागृत हुई।