BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

स्वतंत्रता दिवस पर चेतना संस्था ने वंचित बच्चों के साथ मनाया देशभक्ति का पर्व


Vision Live/ Delhi 

 चाइल्डहुड एन्हांसमेंट थ्रू ट्रेनिंग एंड एक्शन (चेतना) ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिम व उत्तर-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न केंद्रों पर सांस्कृतिक व शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान 200 से अधिक कामकाजी और सड़क से जुड़े बच्चों ने भाग लेकर देशभक्ति का जज़्बा दिखाया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण व राष्ट्रगान से हुई। बच्चों ने रंग-बिरंगे चार्ट बनाए, पारंपरिक परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियां सुनाईं। कई बच्चों ने “हर घर तिरंगा” अभियान में मोहल्लों में झंडे बांटकर देशभक्ति का संदेश फैलाया।

नेहरू कैम्प की 12 वर्षीय प्राची ने कहा, “यह पहली बार था जब मैंने पुलिस अधिकारियों के सामने भाषण दिया। उन्होंने पढ़ाई में अच्छा करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।” वाल्मीकि कैम्प के 12 वर्षीय रबवान ने झंडे बांटने के अनुभव को गर्वपूर्ण बताया, वहीं N86 केंद्र की 11 वर्षीय दुर्गा ने रंग-बिरंगी वेशभूषा को आज़ादी का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से बाल अधिकारों व जिम्मेदारियों पर चर्चा की। चेतना के निदेशक संजय गुप्ता ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस बच्चों को यह समझाने का अवसर है कि वे देश के भविष्य के निर्माता हैं।”

चेतना संस्था लंबे समय से वंचित बच्चों को शिक्षा, जीवन कौशल, स्वास्थ्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर देकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है।