मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ग्रेटर नोएडा
लॉयड इंजीनियरिंग कॉलेज, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा विश्वविद्यालय में आज “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर एक प्रबुद्ध संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मनोज पोसवाल ने कहा कि “देश की आज़ादी के बाद अब तक लगभग 400 चुनाव हो चुके हैं। बार-बार चुनाव कराने से देश पर न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है, बल्कि हर बार लागू होने वाली आचार संहिता से विकास कार्य भी बाधित होते हैं। यदि देश में एक साथ चुनाव होते हैं, तो इससे अपार संसाधनों की बचत होगी और वह राशि देश के विकास कार्यों में उपयोग होकर भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तीव्र गति देगी।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि “एक देश, एक चुनाव” की अवधारणा भारतीय लोकतंत्र को अधिक संगठित, पारदर्शी और कार्यकुशल बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे प्रशासनिक स्थिरता सुनिश्चित होगी, चुनावी खर्च घटेगा और जनभागीदारी भी व्यापक स्तर पर बढ़ेगी।”
इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें अरुण प्रधान, राज नागर, कर्मवीर आर्य, श्याम रावत, अर्पित तिवारी, ओमकार भाटी, कपिल गुर्जर, संदीप शर्मा, विजय कसाना, अमन कौशिक और नीतीश भाटी प्रमुख रहे।
कॉलेज के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सार्थकता प्रदान की।
यह संगोष्ठी विचारों के आदान-प्रदान के साथ ही लोकतांत्रिक प्रणाली के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक सशक्त मंच सिद्ध हुई।