BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में जॉब प्लेसमेंट गारंटी प्रोग्राम एवं विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन

विजन लाइव /दनकौर
श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में एसेट्स सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एसोसिएशन के अंतर्गत आई.जी.आई. (इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट) के सहयोग से छात्र-छात्राओं के लिए जॉब प्लेसमेंट गारंटी प्रोग्राम एवं विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों, विभिन्न करियर विकल्पों और जेम्स एवं ज्वैलरी इंडस्ट्री में भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स, उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता एवं प्लेसमेंट टीम के सदस्यों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्लेसमेंट टीम की सदस्या खुशी शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट के लिए आवश्यक कौशल, करियर योजना तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खुशी शर्मा ने कक्षा 12वीं के बाद विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों एवं सेक्टरों की जानकारी भी साझा की। इसके साथ ही उन्होंने जेम्स एवं ज्वैलरी इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि जेम्स एवं ज्वैलरी इंडस्ट्री में वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में भी रोजगार की अनेक संभावनाएँ मौजूद हैं। जेम्स एवं ज्वैलरी से जुड़े कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को डायमंड की पहचान एवं गुणवत्ता परखने, उसे तराशने के साथ-साथ मार्केटिंग और बिक्री तक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर एवं प्लेसमेंट के अवसरों की भी जानकारी दी गई।

ग्रीन इंडिया, क्लीन इंडिया अभियान को दिया बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान ग्रीन इंडिया, क्लीन इंडिया अभियान को भी प्रोत्साहित किया गया। छात्र-छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप विशेष बुकमार्क प्रदान किए गए, जिन्हें रिसाइकिल कर वृक्षारोपण के लिए उपयोग किया जा सकता है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आई.जी.आई. (इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट) के प्रमोशनल हेड आशू यादव के साथ पुरू शर्मा, लोकेश शर्मा एवं खुशी शर्मा का विशेष योगदान रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें बेहतर करियर निर्माण और रोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन एवं समन्वय अमित नागर, प्लेसमेंट सेल प्रभारी अखिल कुमार एवं आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, सहायक आचार्यगण, गैर-शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने आई.जी.आई. की टीम एवं प्लेसमेंट सेल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }