BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

भनौता में अवैध निर्माण पर चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुल्डोजर, 20 हजार वर्गमीटर जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त


करीब 40 करोड़ रुपये की जमीन पर कार्रवाई, अवैध प्लॉटिंग की कोशिश को किया ध्वस्त
बिसरख डूब क्षेत्र में भी 5 हजार वर्गमीटर जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा
 मौहम्मद इल्यास- ‘दनकौरी’ / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को गांव भनौता में प्राधिकरण की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया और करीब 20 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण के आकलन के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है।
प्राधिकरण के मुताबिक, भनौता गांव के अधिसूचित क्षेत्र में कालोनाइजरों द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण कर प्लॉटिंग के जरिए कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया।
अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत प्राधिकरण की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की निगरानी कर कार्रवाई कर रही हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह के मुताबिक, गांव भनौता के खसरा संख्या 282 और 283 की जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी। परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में वर्क सर्कल-2 के मैनेजर रोहित गुप्ता और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची।
सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के दौरान बुल्डोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर प्राधिकरण के कब्जे में ले लिया गया।
बिसरख डूब क्षेत्र में भी बुल्डोजर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इससे पहले बिसरख के डूब क्षेत्र में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की थी। प्राधिकरण के अनुसार, यहां खसरा संख्या 135 और 153 की करीब 5 हजार वर्गमीटर जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
परियोजना विभाग के वर्क सर्कल-3 के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी लेने की अपील
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन की स्थिति और संबंधित जानकारी की पूरी तरह जांच कर लें।
प्राधिकरण ने लोगों को विशेष रूप से आगाह किया है कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग में अपनी गाढ़ी कमाई निवेश करने से बचें। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }