BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

विश्वकर्मा कारीगरों को मिला डिजिटल बाजार का नया रास्ता100 से अधिक लाभार्थियों को उद्यमिता का मंत्र, दो कारीगर मीशो से जुड़े, पांच के QR कोड बने और दो को मिला ऋण वितरण पत्र

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा, गौतम बुद्ध नगर। पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक बाजार से जोड़ने की दिशा में शारदा विश्वविद्यालय में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने कारीगरों को डिजिटल तकनीक, आधुनिक मार्केटिंग और स्वरोजगार के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के गुर बताए।
कार्यक्रम के दौरान दो लाभार्थियों को ऑनलाइन बाजार प्लेटफॉर्म मीशो से जोड़ा गया, जबकि पांच लाभार्थियों के QR कोड तैयार किए गए। इसके साथ ही दो लाभार्थियों को ऋण वितरण पत्र भी सौंपे गए। इन पहलों का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को स्थानीय बाजार की सीमाओं से बाहर निकालकर डिजिटल बाजार और औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ना है।
डिजिटल तकनीक से कारोबार बढ़ाने पर जोर
एमएसएमई-डीएफओ, ओखला और उत्तर प्रदेश एमएसएमई विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कारीगरों को मार्केटिंग, ब्रांडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल टूल्स, पैकेजिंग, GeM और वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि आज के दौर में बेहतर उत्पाद तैयार करने के साथ-साथ उसकी ब्रांडिंग, ऑनलाइन प्रस्तुति और डिजिटल भुगतान व्यवस्था भी कारोबार की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। QR कोड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहक सीधे कारीगरों के उत्पादों तक पहुंच सकते हैं।
पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विश्वकर्मा योजना से जुड़े पारंपरिक कारीगरों को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रखते हुए उन्हें डिजिटल बाजार, ई-कॉमर्स और आधुनिक उद्यमिता से जोड़ा जाए। इससे कारीगर अपने उत्पादों की बेहतर कीमत प्राप्त करने के साथ-साथ नए ग्राहकों तक पहुंच बना सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ाव कारीगरों के लिए स्वरोजगार, कारोबार विस्तार और आय में वृद्धि के नए रास्ते खोल सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }