BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा अग्निकांड: शहीद अग्निशमन कर्मियों के परिवारों के साथ खड़ा होगा उद्योग जगत, IBA ने किया आर्थिक सहयोग और रोजगार का ऐलान


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
उद्योग केंद्र-1, ईकोटेक-3 स्थित ILJIN Electronics Pvt. Ltd. में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्र को झकझोर दिया है। आग पर काबू पाने के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे अग्निशमन विभाग के पाँच कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से उपचार के दौरान दो वीर अग्निशमन कर्मियों ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दे दिया, जबकि तीन अन्य घायल कर्मियों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस दुखद घटना पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शहीद अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह केवल अग्निशमन विभाग की नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक परिवार की अपूरणीय क्षति है। जिन बहादुर कर्मियों ने उद्योगों, श्रमिकों और जन-धन की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उनका बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि उन्हें अनेक अग्निकांडों के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे और उनकी टीम के कार्य को निकट से देखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि श्री चौबे स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर अभियान का नेतृत्व करते हैं और पूरा अग्निशमन विभाग अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। ऐसे वीर जवानों का असमय निधन पूरे समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने घोषणा की कि IBA तथा गौतम बुद्ध नगर का पूरा उद्यमी परिवार शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। यदि भविष्य में दिवंगत अग्निशमन कर्मियों के आश्रितों को रोजगार या किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो IBA और जिले के उद्योगपति अपनी सामर्थ्य के अनुसार उन्हें रोजगार एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
IBA अध्यक्ष ने जिले के सभी उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम नागरिकों से भी भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यह समय संवेदना को कर्म में बदलने का है। उन्होंने कहा कि समाज की छोटी-सी मदद भी इन परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन सकती है और यही उन वीर अग्निशमन कर्मियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने दूसरों की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन ने दिवंगत अग्निशमन कर्मियों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने तथा घायल अग्निशमन कर्मियों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है।
विशेष: ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में हुई यह त्रासदी एक बार फिर उन अग्निशमन कर्मियों के अदम्य साहस और समर्पण को सामने लाती है, जो हर आपदा में सबसे पहले अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा, अग्निशमन संसाधनों और आपदा प्रबंधन को लेकर व्यापक चर्चा भी शुरू कर दी है।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }