BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

अखिलेश यादव पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर बिसरख थाने पहुंची सपा, अक्षय चौधरी ने दी शिकायत


सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने का दावा, सपा नेताओं ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी के नेतृत्व में सपा पदाधिकारियों ने बिसरख थाने में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आम्रपाली सेंचुरियन पार्क, ग्रेटर नोएडा निवासी एक महिला द्वारा अखिलेश यादव के खिलाफ कथित रूप से गाली-गलौज एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। हालांकि, टिप्पणी की वास्तविकता और वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
राजनीतिक मतभेद अपनी जगह, अमर्यादित भाषा स्वीकार नहीं’
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अथवा जनप्रतिनिधि के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
अक्षय चौधरी ने कहा कि यदि संबंधित वीडियो और टिप्पणी जांच में सही पाए जाते हैं तो संबंधित महिला को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से अखिलेश यादव से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखती है और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का विरोध करती है।
बिसरख थाने में शिकायत, कार्रवाई की मांग
सपा नेताओं ने पुलिस से मांग की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित बताए जा रहे वीडियो और उसमें की गई कथित टिप्पणी की जांच की जाए तथा यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
शिकायत देने के दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दीपक नागर, समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष प्रतीक भाटी, छात्रसभा के प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, पूर्व छात्रसभा जिलाध्यक्ष हैप्पी पंडित, अमन भाटी एवं जिला सचिव इमरान मलिक सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }